युवराज में माधुरी भी!

युवराज में माधुरी भी!

सुभाष घई की नई फिल्म का नाम है युवराज। फिल्म में सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी है, लेकिन युवराज की लॉन्चिंग को लेकर आशंकाएं आज भी व्यक्त की जा रही हैं, क्योंकि 24 अक्तूबर को सलमान की जोधपुर अदालत में पेशी होनी है। इसलिए यह संभव नहीं दिखता कि उस दिन सलमान फिल्म की लॉन्चिंग का हिस्सा बन पाएंगे? दूसरी ओर, युवराज की कास्टिंग के बारे में बहुत-सी बातें चर्चाओं के माध्यम से सुनने को मिल रही हैं। घई की कंपनी के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, माधुरी दीक्षित भी युवराज की कास्टिंग का हिस्सा हो सकती हैं। बताया गया है कि युवराज में घई खास तौर पर माधुरी पर एक गाना फिल्माने की सोच रहे हैं, लेकिन अभी ये सारी बातें विचाराधीन बताई गई हैं, क्योंकि माधुरी दीक्षित की ओर से इस बारे में अभी तक सहमति नहीं मिली है और ऐसा अगर हुआ, तो माधुरी के साथ घई इतिहास को दोहराएंगे। गौर करने वाली बात यह है कि माधुरी दीक्षित अपने करियर के शुरुआती दौर में जब संघर्ष कर रही थीं, उस समय सुभाष घई ने उन्हें फिल्म स्वाति के सेट पर देखा और देखते ही उन्हें अपनी नई फिल्म कर्मा में एक आइटम गाने के लिए साइन कर लिया था। मजे की बात तो यह है कि उन्होंने एक भव्य सेट लगाकर माधुरी पर यह गाना फिल्माया भी था, लेकिन बाद में उन्होंने इस गाने को इसलिए हटा दिया कि फिल्म बहुत लंबी हो रही थी। उसके बाद उन्होंने माधुरी को राम लखन में अनिल कपूर की हीरोइन के रूप में एक तरह से दोबारा लॉन्च किया। माधुरी की कमबैक की खबर पर प्रतिक्रिया में भी घई ने संकेत दिया था कि अपनी लकी हीरोइन के साथ वे फिर से काम करना चाहेंगे।

सूत्र बताते हैं कि युवराज में माधुरी की मौजूदगी का सारा दारोमदार उनकी हां या ना पर टिका हुआ है, इसलिए इस पूरी योजना को बेहद गुप्त रखा गया है। माधुरी की ओर से भी इस बारे में कुछ कहने से मना कर दिया गया है। अब देखना यह है कि घई और माधुरी की टीम फिर से बन पाती है या नहीं?

मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(7) वोट का औसत

average:4.571428
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित