
मुंबई। बालीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा करण जौहर की रोमांटिक कॉमडी फिल्म दोस्ताना में स्विम सूट में नजर आएंगी। पहनावे को लेकर सुर्खियों में बनी रहने वाली प्रियंका इससे पूर्व इस प्रकार के दृश्यों को करने से इंकार करती रही हैं।
प्रियंका ने बताया कि करण जौहर ने मुझे बिकनी पहनने के लिए नहीं कहा है, लेकिन यह फिल्म समुद्र तटों पर आधारित है, इसी कारण मैंने इस प्रकार के कपड़े पहने हैं। मुझे इस प्रकार के दृश्यों से कोई परहेज नहीं है।
दोस्ताना में प्रियंका के साथ अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे। प्रियंका ने कहा कि वे इससे पहले भी अभिषेक और जॉन के साथ काम कर चुकी हैं। फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी कर रहे हैं।
हाल ही में प्रदर्शित फिल्म लव स्टोरी 2050 के बारे में प्रियंका ने कहा कि क्रिश के बाद हाई टेक विषय पर आधारित यह मेरी दूसरी फिल्म थी। मैं इस प्रकार की एक और फिल्म द्रोण कर रही हूं।