
नई दिल्ली। भाई की शादी से पहले उसकी प्रेमिका से प्यार करने की जुर्रत करने वालों को निश्चित रूप से सॉरी भाई जरूर देखना चाहिए। माई ब्रदर निखिल और बस एक पल बनाने वाले ओनिर की नई फिल्म सॉरी भाई मनोरंजन तथा कशमकश का भरपूर मसाला लिए हुए है। ओनिर ने इस फिल्म के बारे में बताया कि सॉरी भाई में बताया गया है कि अगर आप अपने भाई की शादी से पहले उसकी महिला मित्र से प्यार करते हैं, तो क्या होता है। ऐसा तो कोई भी नहीं चाहेगा, लेकिन अगर यह तो किसी के भी साथ हो सकता है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म 28 नवंबर को रिलीज होगी।
उन्होंने बताया कि समलैंगिकता जैसे मुद्दे वाली दो गंभीर थीम पर काम करने के बाद उन्होंने यह हास्य प्रधान फिल्म बनाई है। युवा निर्देशक ओनिर ने बताया कि यह एक समकालीन हास्य प्रधान फिल्म है जिसका भरपूर मजा लिया जा सकता है। दो गंभीर फिल्में बनाने के बाद मैं चाहता था कि हल्के-फुल्के फिल्म बनाऊं। इस फिल्म में एक परिवार की विचित्र स्थितियों तथा भावनाओं को हल्के-फुल्के तरीके से बताया गया है जिसके कारण बोझिलता भी नहीं महसूस होती और उद्देश्य भी पूरा हो जाता है। प्रख्यात अभिनेत्री शबाना आजमी और बोमन ईरानी ने फिल्म में प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। इनके अलावा फिल्म में शरमन जोशी, संजय सूरी तथा चित्रांगदा सिंह भी हैं।
फिल्मों में विवादास्पद विषय उठाने के शौक के बारे में पूछने पर ओनिर ने बताया कि फिल्म में एक बोल्ड विषय उठाया गया है, लेकिन मेरी कोशिश है कि मैं इसे पूरी संजीदगी से आगे बढ़ाऊं। वास्तव में यह एक गंभीर विषय है जिसे हल्के-फुल्के तरीके से उठाया गया है। ओनिर उन नये प्रयोगधर्मी निर्देशकों की नई सूची में अपना नाम पहले ही दर्ज करा चुके हैं, जो बॉलीवुड की एक जैसे ढर्रे वाली फिल्में बनाने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक केवल तीन ही फिल्में बनाई हैं, लेकिन मैं ऐसा निर्देशक बनना चाहता हूं जो सिनेमा के अलग-अलग प्रकारों को टटोलता है। मैं खुद को दोहराना नहीं चाहता।
चित्रांगदा सिंह इस फिल्म से वापसी कर रही हैं। उन्होंने दो भाईयों के प्रेम के केंद्र बिंदु की भूमिका निभाई है। वह कहती हैं कि फिल्म की पटकथा इतनी दमदार है कि जब ओनिर ने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने हां कहने में पल भर की भी देर नहीं की। उन्होंने कहा कि मेरी भूमिका जानदार है। मैंने एक आधुनिक लड़की की भूमिका निभाई है, जो साफ कहती है कि वह क्या चाहती है और उसके लिए जीवन में बेहतर क्या है। फिल्म में अपने प्यार को गंवाने वाले भाई की भूमिका निभाने वाले संजय सूरी कहते हैं कि यह कहानी परंपरागत मूल्यों वाले एक आधुनिक परिवार की है। उन्होंने कहा कि मैंने इसमें एक महत्वाकांक्षी स्टाक ब्रोकर की भूमिका निभाई है, जो जीवन में सफलता पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।