युवराज: शोमैन सुभाष घई की फिल्म

युवराज: शोमैन सुभाष घई की फिल्म

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के शोमैन सुभाष घई की फिल्म युवराज आ रही है। उनकी फिल्मों के नाम एक शब्द के ही होते हैं। इससे अंदाजा लगता है कि वे अपनी फिल्मों को लेकर सचेत और एकचित्त रहते हैं। युवराज के प्रचार में सलमान की सक्रियता से ऐसा लग रहा है कि फिल्म के मुख्य किरदार का नाम युवराज होगा। ऐसा नहीं है। युवराज सरनेम है, जो तीनों भाइयों देवेन (सलमान खान), ज्ञानेश (अनिल कपूर) और दानिश (जाएद खान) के साथ जुड़ा है।

सुभाष घई की पिछली फिल्में दर्शकों को अधिक पसंद नहीं आई थीं। इस बार सभी की उम्मीद है कि युवराज दर्शकों को पसंद आएगी। सुभाष घई की फिल्में भव्य सेट, सुंदर लोकेशन, मधुर संगीत और नाटकीय चरित्रों के लिए मशहूर रही हैं। माना जा रहा है कि सुभाष घई फिर से उसी स्टाइल में लौटे हैं। इस फिल्म की शूटिंग उन्होंने मुख्य रूप से यूरोप में की है। सलमान खान और सुभाष घई के बीच नोंक-झोंक चलती रही है। एक पार्टी में सलमान खान ने सुभाष घई के साथ बदतमीजी कर दी थी, लेकिन पिता सलीम खान के निर्देश पर अगले ही दिन सलमान खान ने उनसे माफी मांग ली थी। उसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि सुभाष घई की अगली फिल्म के हीरो सलमान खान ही होंगे। कयास सही निकला। उन्होंने युवराज में सलमान खान के साथ कैटरीना कैफ को भी पेश किया है। दोनों की जोड़ी को दर्शक पर्दे पर देखना चाहते हैं। युवराज तीन भाइयों की कहानी है। तीनों संगीतज्ञ हैं, लेकिन अलग-अलग संगीत परंपरा में माहिर हैं। उनके बीच पैसों को लेकर अनबन चल रही है। पैतृक संपत्ति हासिल करने की फिक्र में तीनों भाइयों के व्यक्तित्व का दूसरा रूप भी सामने आता है। इस फिल्म के गीत गुलजार ने लिखे हैं और संगीतकार ए आर रहमान हैं। सुभाष घई ने ताल में ए आर रहमान का संगीत लिया था। ताल का संगीत बहुत पॉपुलर हुआ था। तब गीतकार आनंद बख्शी थे। गुलजार ने पहली बार सुभाष घई के लिए गीत लिखे हैं। युवराज का संगीत तो पॉपुलर हो रहा है। देखना होगा कि फिल्म में इस संगीत का कितना सुंदर उपयोग हुआ है।

-अजय ब्रह्मात्मज

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(17) वोट का औसत

average:4.705882
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित