
पिछले हफ्ते रिलीज हुई दोस्ताना और दसविदानिया को दर्शकों ने पसंद किया। दोनों अलग मिजाज की फिल्में हैं, लेकिन दोनों को पर्याप्त दर्शक मिले। दोस्ताना महानगरों के मल्टीप्लेक्स के दर्शकों को ज्यादा पसंद आई है। इसकी शुरूआत 80 प्रतिशत से हुई थी। वीकएंड के अच्छे कलेक्शन के बाद सोमवार से थोड़ी गिरावट आ गई है। छोटे शहरों और सिंगल स्क्रीन थिएटर में दोस्ताना का प्रदर्शन औसत रहा। इसे 50-55 प्रतिशत दर्शक ही देखने गए।
छोटे स्तर पर बनी दसविदानिया को उसके दर्शक मिले। बाक्स आफिस पर इसका कलेक्शन 35-40 प्रतिशत रहा। फिल्म की लागत के हिसाब से यह कम नहीं है। इस फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों की पूरी सराहना मिली है। विनय पाठक के अभिनय की तारीफ हो रही है। मुंबई में गोलमाल रिटर्न्स और फैशन की कामयाबी की पार्टियां संपन्न हुई। सिनेमाघरों में दोनों फिल्मों के दर्शकों में कमी आई है। वैसे गोलमाल रिटर्न्स हिट घोषित हो चुकी है। इस शुक्रवार को शोमैन सुभाष घई की युवराज रिलीज हो रही है।
-अजय ब्रह्मात्मज