
पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्मों में कोई भी बड़ा स्टार नहीं था। सभी छोटे बजट की फिल्में थीं और अपेक्षा के मुताबिक उन्होंने धंधा भी छोटा ही किया। पिछले हफ्ते चार फिल्में दिल कबड्डी, महारथी, ओ माई गाड और मीराबाई नाट आउट रिलीज हुईं। इनमें आखिरी दो फिल्मों की तरफ दर्शकों ने ध्यान ही नहीं दिया। बाकी दोनों फिल्मों में महारथी का आरंभिक कलेक्शन दिल कबड्डी से बेहतर रहा। दिल कबड्डी और महारथी के लगभग 20 प्रतिशत दर्शक देखने आए।
कह सकते हैं कि छोटी फिल्मों की भीड़ ने दर्शकों को कंफ्यूज कर दिया। अगर इनकी रिलीज आगे-पीछे रखी गई होती तो थोड़े ज्यादा दर्शक मिल सकते थे। सभी रब ने बना दी जोड़ी से डरे हुए थे और उन्हें आशंका थी कि उन्हें थिएटर नहीं मिल पाएंगे। एक ट्रेड विशेषज्ञ के मुताबिक अगर इनमें से कोई फिल्म रब ने बना दी जोड़ी के साथ रिलीज होती तो उसे भी दर्शक मिलते, क्योंकि आदित्य चोपड़ा की फिल्म हिट होगी तो कई दर्शकों को टिकट नहीं मिलेंगे। मल्टीप्लेक्स से लौटने के बजाए वे विकल्प केतौर पर उन्हें देख सकते थे।
-अजय ब्रह्मात्मज