
आमिर खान प्रोडक्शन बच्चों के लिए नायाब रचनाओं से सजी फिल्म तारे जमीन पर का संगीत लेकर हाजिर है। संगीत शंकर अहसान लाय का है और गीत रचना प्रसून जोशी की है। एल्बम मे आठ ट्रैक है जिनमे एक थीम ट्रैक है। एक गीत को छोड़कर सभी गीत बच्चों के मासूम बचपन और उनके भावनात्मक पहलू को दर्शाते है।
शंकर अहसान लाय ने मुख्यत: फ्लूट, गिटार और कीबोर्ड्स का प्रयोग कर मध्यम धुनों को सजाया है, जो मन मोहता है। एल्बम का पहला ट्रैक फिल्म के टाइटल से संबंधित है। बोल है, तारे जमीन पर.. ओस की बूंदों से बच्चों की तुलना करता गीत है। शंकर महादेवन, डोमिनीक सेरेजो और विविएने पोचा ने स्वरबद्ध किया है। खोलो खोलो दरवाजे परदा करो किनारे.. स्वयं की पहचान बनाने की सीख देता गीत है। रमन महादेवन ने जीवन के विभिन्न आयामों को सुरीले स्वर में सजाया है। बम बम बोले.. मुखड़े और अंतरे का अलग अहसास कराता गीत है। आमिर खान और शान के स्वर आकर्षित करते है। अगला गीत वीर रस में डूबी रचना है। बोल है, दुनिया का नारा जमे रहो.. बच्चो की रोजमर्रा की दिनचर्या को विशाल डडलानी ने बेहद सुरीले स्वर अंदाज में गाया है। अगली रचना बच्चे के मन की भावनाओं को दर्शाती है जिसे शंकर महादेवन ने मासूमियत भरे अंदाज को जाहिर किया गया है। बोल है, मैं कभी बतलाता नहीं पर अंधेरे से डरता हूं मां.. । भेजा कम.. हिन्दी और अंग्रेजी के शब्दों का मिश्रण इस मसखरी भरी रचना मे सामाहित किया है। अगले गीत को अदनान सामी समेत कई गायकों ने स्वर से सजाया है। बोल है, मेरा जहान..।
मलय बाजपेयी