
मुंबई। निर्माता-निर्देशक हैरी बावेजा के बेटे व अभिनेता हरमन बावेजा की पहली फिल्म लव स्टोरी 2050 की झलकियां देखकर दर्शक भले ही इस फिल्म से काफी उम्मीद कर रहे हों, लेकिन इसका संगीत लोगों को प्रभावित नहीं कर पा रहा है। केके द्वारा गाए डांस नंबर आ गया हूं मैं में हरमन की नृत्य क्षमता देख दर्शकों में ऊर्जा अवश्य आ जाती है, लेकिन इसका संगीत प्रभावित नहीं कर पाता।
गीतकार जावेद अख्तर द्वारा रचित जाने कैसी है मेरी ये लव स्टोरी गीत मधुर और रोमांटिक है। इसे शान ने गाया है। उम्मीद की जा सकती है कि श्रोताओं पर लंबे समय तक इसका प्रभाव रहेगा। जावेद अख्तर के बोल और अलीशा चिनॉय द्वारा गाया लवर ब्वॉय एवं शान और अल्का याज्ञनिक की आवाज में मौसम ये बदला है क्यों गीत भी बहुत असर नहीं छोड़ते।
केके और याज्ञनिक की आवाज में मीलों का जैसे था फासला गीत की धुन शुरू में कुछ प्रभावित करती है, जबकि कुणाल गांजावाला की आवाज में रोमांटिक गीत सच कहना बहुत प्रभावित नहीं कर पाता।
हरमन के बेहतरीन डांस के कारण एक और डांस नंबर मिलो ना मिलो भी दर्शकों को प्रभावित कर जाता है। कहना गलत नहीं होगा कि हरमन पर शान की आवाज अधिक जंचती है।