
नई दिल्ली। फिल्म बचना ऐ हसीनों का एलबम अन्य की तुलना में बेहतरीन कहा जा सकता है। इसमें पंजाबी के साथ जैज संगीत भी कर्णप्रिय है।
फिल्म का शीर्षक गीत बचना ऐ हसीनों वास्तव में वर्ष 1977 की फिल्म हम किसी से कम नहीं में किशोर कुमार के गाए गीत से प्रभावित है, लेकिन विशाल-शेखर ने अपने संगीत से सजाकर इसे पूरी तरह से नए अंदाज में पेश किया है।
पुराने बेहतरीन संगीत को आज के समय की मांग के अनुसार धुन से सजाकर इसे आदर्श मेल (फ्यूजन) के रूप में पेश किया गया है, जिसे लंबे समय तक लोग याद करते रहेंगे। सुखविंदर सिंह और हिमानी कपूर के साथ मिलकर तैयार किया गया शेखर रैवजियानी का लोकगीत जग माही भी बेहतरीन है।
गीतकार अन्विता के गीत खुदा जाने को शिल्पा राव और के.के. ने बेहतरीन ढंग से गाया है। लक्की अली और श्रेया घोषाल का गीत आहिस्ता आहिस्ता भी दमदार है।
एलबम का गीत लक्की बॉय भी श्रोताओं को भाएगा, हालांकि सुनिधि चौहान, राजा हसन और हर्द कौर के गाए गीत भी जबर्दस्त हैं। शंकर महादेवन के गीत स्मॉल टाउन गर्ल में दमदार ढोल की आवाज ने उसे पंजाबी रंग में रंग दिया है।