
मुंबई। आम तौर पर माना जाता है कि लड़कियां नाजुक होती हैं और वे जोखिम उठाने की दिलेरी नहीं दिखा सकतीं। लेकिन काजोल ने इसे गलत साबित कर दिखाया है। अपनी आने वाली फिल्म यू, मी और हम में काजोल ने खतरनाक स्टंट सीन किए हैं। और वह भी पूरी तरह अपने दम पर। इतना ही नहीं, उन्होंने जख्मी होने के बावजूद शूटिंग पूरी की।
पति अजय देवगन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में काजोल ने एक गाने की शूटिंग के दौरान स्टंट सीन किए हैं। फिल्म यूनिट के एक सदस्य ने बताया, हमने गाना जी ले.. की शूटिंग एक पोत पर की। इस गाने में काजोल को पोत की ऊपरी मंजिल से छलांग लगानी थी। शाम को शूटिंग के समय काजोल ने छलांग लगाई तो उनकी एड़ी में मोंच आ गई। उन्हें काफी चोट आई थी। लेकिन उन्होंने कुछ दर्दनिवारक दवाएं लीं और अगली सुबह शूटिंग पूरी की।
अजय भी पत्नी की इस दिलेरी और पेशेवराना अंदाज से गदगद हैं। वह बताते हैं, इस गाने में हमें सालसा डांस करना था। इसकी शूटिंग पर भारी-भरकम खर्च आना था। पोत पर करीब सौ डांसर और कुल मिलाकर छह सौ लोग जमा थे। मुझे बड़ी खुशी है कि काजोल ने काफी दिलेरी का परिचय दिया और अपने काम को बखूबी अंजाम दिया।