
मुंबई। यूटीवी और आशुतोष गोवारीकर के पास इन दिनों खुश होने के पर्याप्त कारण हैं। उनके सह-निर्माण में बनी फिल्म जोधा अकबर ने बॉक्स ऑफिस पर खासकर मुंबई में पिछले सप्ताह की तुलना में इस सप्ताह अच्छा प्रदर्शन किया है।
फिल्म वितरक सुनील बूबना ने कहा, कुछ फिल्में रिलीज होने पर बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती दौर में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाती है लेकिन धीरे-धीरे इन फिल्मों के प्रदर्शन में सुधार आता है। बॉलीवुड में इस तरह के प्रदर्शन के लिए कहा जाता है कि फिल्मों का प्रचार एक-दूसरे के जरिए यानी मौखिक तौर पर होता है। मौखिक प्रचार ही जोधा अकबर के प्रदर्शन में मिल रही सफलता का राज है।
फिल्म को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के सिनेमा घरों में अच्छी कामयाबी मिल रही है। आंध्र प्रदेश में इस फिल्म ने 2.4 करोड़ रुपये का कारोबार किया है वहीं कर्नाटक में 2.18 करोड़ का कारोबार किया। तमिलनाडु और केरल में फिल्म ने पहले सप्ताह में मात्र 82 लाख रुपए का कारोबार किया। फिल्मों के तमिल और तेलगु संस्करण का रिलीज होना शेष है।