
मुंबई। इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने के आरोपों के कारण विवादास्पद रही फिल्म जोधा अकबर ने अपने प्रदर्शन के एक महीने में 120 करोड़ रुपये की कमाई की है।
फिल्म निर्माता कंपनी यूटीवी मोशन पिक्चर्स ने आज यहां यह दावा किया। कंपनी के यहां जारी एक बयान के अनुसार फिल्म ने घरेलू बाजार से 90 करोड़ और विदेशी बाजार से 30 करोड़ रुपये की कमाई की है। लगभग 40 करोड रुपये की लागत से बनी फिल्म पिछले माह विश्व के 25 देशों के 1500 सिनेमाघरों में एक साथ प्रदर्शित की गयी थी और इसे तमिल, तेलुगू, डच, अरेबिक भाषाओं में भी डब किया गया है।
आशुतोष गोवारीकर निर्देशित, रितिक रोशन और ऐश्वर्या राय अभिनीत फिल्म अपनी रिलीज के साथ ही विवादों में घिर गयी थी और राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब समेत कई राज्यों में कुछ राजपूत संगठनों के उग्र विरोध प्रदर्शनों के कारण इसका प्रदर्शन प्रभावित हुआ था। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सरकारों ने कानून और व्यवस्था बिगड़ने की आशंका का कारण बताकर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक भी लगाई थी जो बाद में उच्चतम न्यायालय ने हटा दी।