
मुंबई। आशुतोष गोवारिकर निर्देशित जोधा अकबर भले ही काफी लंबी फिल्म हो लेकिन कई जगहों पर इस फिल्म के दृश्यों को कांट-छांट कर भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
ऐतिहासिक पात्रों पर आधारित आशुतोष की यह फिल्म तीन घंटे बीस मिनट की है। लेकिन पटना के सिनेमा घरों में जोधा अकबर फिल्म से आधे घंटे के दृश्य हटाकर प्रदर्शित किया जा रहा है। इस घटना से फिल्म के वितरक भी हैरान हैं। एक वितरक ने कहा, कई प्रमुख दृश्यों को फिल्म से गायब देखकर मैं परेशान हो गया। मेरा मानना है कि फिल्म दिखाने वालों को इस प्रकार के कदम उठाने का अधिकार नहीं है।
इससे पहले भी निर्देशक जे.पी.दत्ता की फिल्म एलओसी से भी 45-60 मिनट के दृश्यों को हटाया गया था। बाद में दत्ता ने खुद सिनेमाघरों को निर्देश दिया था कि वे ऐसा काम नहीं करें। जोधा अकबर के निर्माता यूटीवी मोशन पिक्चर्स के विपणन और वितरण प्रमुख सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा, छोटे केंद्रों पर क्या हो रहा है इस पर नियंत्रण रखना बेहद कठिन है।