
नई दिल्ली। बालीवुड में 70 के दशक की सेक्स सिम्बल और एक समय फैशन जगत की मुख्य प्रेरणास्रोत रहीं जीनत अमान अब फिर पर्दे पर धमाल करना चाहती हैं। उन्होंने फिल्म अगली और पगली से बालीवुड में वापसी कर ली है और कहा कि बेहतर भूमिका मिलने पर आगे भी फिल्मों में काम करना चाहेंगी।
सत्यम शिवम सुंदरम, हरे राम हरे कृष्ण जैसी फिल्मों से बालीवुड में अलग स्थान बनाने वाली अदाकारा जीनत अमान ने बताया कि काफी समय बाद पर्दे पर लौट कर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। जब उनसे पूछा गया कि इच्छा के बावजूद वह फिल्मों में काम क्यों नहीं कर रही थीं, तो उन्होंने बेबाकी से कहा कि सच कहूं तो इन वर्षो में मुझसे काम के लिए किसी ने संपर्क ही नहीं किया।
वैसे भी शादी के एक वर्ष बाद ही मेरे पहले बच्चे अजान का जन्म हुआ और उसके बाद जहान का। परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी निभाना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता थी। इन जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए समय कैसे निकल गया पता ही नहीं चला।