क्वॉलिटी वर्क करता हूं : इरफान खान

क्वॉलिटी वर्क करता हूं : इरफान खान

इसमें कोई दो राय नहीं है कि इरफान खान ने अपनी अभिनय प्रतिभा के बल पर दर्शकों के हर वर्ग को प्रभावित किया है। दरअसल, हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री से हॉलीवुड तक अपने बेहतरीन अभिनय के लिए लोकप्रिय इरफान खान का फिल्मी करियर उफान पर है। यूं तो इरफान खान की छवि गंभीर अभिनेता की है, पर वे हास्य रस से भरपूर भूमिकाओं में भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होते रहे हैं। वे एक ओर अगर नेमसेक और ए माइटी हार्ट जैसी संवेदनशील फिल्में करते हैं, तो दूसरी ओर साढ़े सात फेरे और सनडे जैसी कॉमेडी फिल्मों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा के जलवे बिखेरते हैं। वे मकबूल में गंभीर भूमिका निभाते हैं, तो मेट्रो में अपनी मासूम हरकतों से हंसाते भी हैं। इरफान एक बार फिर अरशद वारसी, सुरेश मेनन और राजपाल यादव के साथ मिलकर क्रेजी 4 में दर्शकों को गुदगुदाने आ रहे हैं। जयदीप सेन निर्देशित क्रेजी 4 में वे एक ऐसे डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, जो सफाई के प्रति क्रेजी है। इरफान खान स्वयं कहते हैं, क्रेजी 4 में मैं डॉक्टर मुखर्जी की भूमिका निभा रहा हूं, जो कि बहुत इंटरेस्टिंग कैरेक्टर है। हंसी-मजाक के साथ क्रेजी 4 संदेश भी देती है। भरपूर मनोरंजन के साथ-साथ क्रेजी 4 समाज के कुछ अनछुए पहलुओं से भी दर्शकों का परिचय कराएगी।

फिल्मी चकाचौंध से दूर इरफान स्वयं को संपूर्ण अभिनेता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि सुधी दर्शकों के साथ-साथ आम दर्शकों के बीच भी उनकी एक अलग पहचान बने। इरफान कहते हैं, दरअसल, मैं ऐसी फिल्में ही करता हूं, जिनमें कुछ खास बात हो। अब मेरा उद्देश्य दर्शकों के बड़े वर्ग तक पहुंचना है। वैसे, यह भी सही नहीं है कि मैं केवल इंटरेस्टिंग भूमिकाएं ही करता हूं। हालांकि मीडिया ने ही मुझे गंभीर अभिनेता की उपाधि दी है, लेकिन मैं टाइपकास्ट नहीं होना चाहता। इसलिए क्रेजी 4 जैसी फिल्में करता हूं, ताकि मैं दर्शकों को अपने व्यक्तित्व के ह्यूमरस पक्ष से परिचित करा सकूं। दर्शकों को बताना चाहता हूं कि मैं उतना गंभीर इनसान नहीं हूं, जितना दिखता हूं।

दो दशक पूर्व सलाम बाम्बे से रुपहले पर्दे पर अपने अभिनय की पारी की शुरुआत करने वाले इरफान खान फिल्मों के वर्तमान दौर से बेहद खुश हैं। वे कहते हैं, हमारा सिनेमा अच्छे दौर से शायद इसलिए गुजर रहा है, क्योंकि अब कन्टेंट को महत्व दिया जा रहा है। अच्छे विषय पर बनी छोटे बजट की फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर सफल हो रही हैं। क्लीन फैमिली एंटरटेनर को दर्शकों का प्यार मिल रहा है। यह तो शुरुआत है, उम्मीद करता हूं यह दौर जारी रहेगा। इरफान खान ऐसी ही फिल्में करते हैं, जिनका उनके करियर में महत्व हो। दरअसल, इरफान स्टार अभिनेताओं की प्रतिस्पद्र्धा से खुद को दूर ही रखना पसंद करते हैं। वे कहते हैं, बाजार में जगह बनाना मुश्किल जरूर है, लेकिन बावजूद इसके मैं इस अंधी दौड़ का हिस्सा नहीं बनना चाहता। और इसीलिए क्वॉलिटी वर्क करता हूं और उसी में संतुष्ट भी रहता हूं। हां, अपने लिए बेहतरीन विकल्प की तलाश में हमेशा रहता हूं। क्रेजी 4 के अतिरिक्त इरफान खान इस वर्ष दिल्ली 6 और राइट या रॉन्ग में भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होंगे।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित