
भारतीय समाज में किसी पिता के लिए इससे ज्यादा खुशी की बात और कुछ भी नहीं हो सकती कि उसका पुत्र उससे अधिक मशहूर हो जाए। हैरी बावेजा इन दिनों इसी स्थिति से गुजर रहे हैं, क्योंकि उनका पुत्र फिल्म रिलीज होने से पहले ही मशहूर हो गया है। हालांकि पुत्र की इस प्रतिष्ठा में उनका बहुत बड़ा योगदान है। अपने बेटे की फिल्म लव स्टोरी 2050 के वे निर्देशक भी हैं। पत्नी फिल्म की निर्माता हैं और बेटी रोवीना ने फिल्म में क्रिएटिव सहयोग दिया है।
हैरी मानते हैं कि उन्होंने एक बड़ी चुनौती स्वयं ही चुन ली। फिल्म की रिलीज की तारीख करीब आने के साथ उनका उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। फिल्म की म्यूजिक रिलीज का मौका हो या बैंकॉक में इंटरनेशनल प्रेस के सामने अपनी फिल्म के बारे में बताने का अवसर, उनकी खुशी छलकने लगती है। हैरी यह बताने में संकोच नहीं करते कि उन्होंने यह फिल्म 1999 में सोची थी, लेकिन तब ऐसी फिल्म का निर्माण असंभव था। इसीलिए उन्होंने फिल्म की कहानी ठंडे बस्ते में डाल दी थी। इस बीच हरमन बड़े हो गए और फिल्मों में उनके आने की बात चली। हैरी कहते हैं, जिन दिनों हम लोग अलग-अलग किस्म की कहानियों पर काम कर रहे थे, उसी दौरान मुझे अपनी पुरानी कहानी याद आ गई। मुझे लगा कि वह कहानी हरमन की पहली फिल्म के लिए सही होगी। वहीं से योजना आरंभ हुई और धीरे-धीरे इतनी बड़ी फिल्म बन गई।
हैरी के लिए डायरेक्शन कोई नया काम नहीं है, लेकिन बेटे को डायरेक्ट करने में कुछ इमोशनल अड़चनें भी थीं। हरमन उनके सामने झेंपने लगते थे। हरमन ने ही उनसे कहा कि डैड शॉट देते समय आप मेरे सामने न रहें। हालांकि एक-दो दिनों में ही इनके बीच की झिझक खत्म हो गई। शूटिंग के आरंभिक दिनों को याद करते हुए हैरी कहते हैं, दो दिनों के बाद मैंने हरमन से पूछा, क्यों मैं फिल्म के सेट पर आ सकता हूं न? वे खुश होकर आगे कहते हैं, हरमन बहुत मेहनती है। किसी भी डायरेक्टर के लिए वह गिफ्ट है। नए लड़कों की लगन और सोचे हुए काम को कर लेने की दृढ़ता देखकर मैं दंग रह जाता हूं। इस फिल्म में हरमन के लिए कई चीजें बिल्कुल नई और खतरनाक थीं, लेकिन उसने अभ्यास से उन्हें साधा और पर्दे पर बहुत अच्छे तरीके से जिया भी। हैरी मानते हैं कि उनकी इस फिल्म को लेकर पहले फिल्म इंडस्ट्री में कई तरह की आशंकाएं थीं। यहां तक कि मित्रों ने भी यही सलाह दी कि बेटे की पहली फिल्म के लिए ऐसा विषय न लो। वे कहते हैं, लोगों ने मुझे पागल भी कहा। ऐसा इसलिए कहा, क्योंकि यह फ्यूचरिस्टिक फिल्म थी और दूसरा, इस फिल्म का बजट आम फिल्मों की तुलना में कहीं ज्यादा था। उन लोगों ने आगाह किया कि नए ऐक्टर की फिल्म के लिए इस लागत में फिल्म बनाना जोखिम भरा काम है।
सभी जानते हैं कि एक शेड्यूल के बाद करीना कपूर ने फिल्म छोड़ दी थी। हैरी कहते हैं, करीना कपूर ने क्यों फिल्म छोड़ी, यह मैं जानता हूं। मैं अभी कुछ नहीं कहना चाहता और न ही किसी प्रकार का विवाद खड़ा करना चाहता हूं। एक तरह से अच्छा ही हुआ कि प्रियंका चोपड़ा आ गई। प्रियंका के आने से फिल्म में ताजगी आ गई। हैरी खुले दिल से प्रियंका की तारीफ करते हैं, वह बेहद समझदार है। उसने मेरी फिल्म को संभाल लिया। मुझे यकीन है कि उसका काम दर्शकों को पसंद आएगा। इस फिल्म में हैरी कोई कोर-कसर नहीं रखना चाहते। निर्देशक के नाते हैरी के लिए लव स्टोरी 2050 अहम फिल्म है। इसमें उनका बेटा है और बेटे की यह पहली फिल्म है, इसलिए भी वे चिंतित हैं। वैसे, उनके लिए यही राहत और खुशी की बात है कि फिल्म कई कारणों से चर्चित हो चुकी है।
-मुंबई प्रतिनिधि