
आपकी फिल्म लव स्टोरी 2050 से अधिक आपके लाल बाल की चर्चा है। क्या मामला है?
सचमुच सुर्खियों में हैं मेरे लाल बाल। फिल्म के लिए फ्यूचरिस्टिक लुक रखना था, इसलिए हम लोगों ने कई विकल्पों पर सोचा। मैंने सिल्वर रंग के बारे में सुझाव दिया, तो हैरी बावेजा ने कहा किउसमें तुम बूढ़ी दिखोगी। फिर नीले की बात चली, तो यह कहा गया कि उसमें पंक और रॉक स्टार जैसी लगूंगी। आखिरकार हमने लाल रंग रखा। यह सुंदर और ट्रेंडी जरूर लगता है, लेकिन उससे मेरे बाल खराब हो गए और मेरे प्यारे बालों को काटना पड़ा। अभी छोटे बाल अच्छे लग रहे हैं। अगली फिल्म फैशन में यही लुक है मेरा।
लव स्टोरी 2050 की बात करें, तो 2050 की दुनिया कैसी होगी?
तब मैं 60 साल की हो जाऊंगी और अपने नाती-पोतों के साथ रहूंगी। मुझे नहीं मालूम कि तब मुंबई कैसी दिखेगी? फिल्म में हमने भविष्य की मुंबई की कल्पना की है। चाहूंगी कि मुंबई फिल्म की तरह ही दिखे।
फिल्म में समय के मानदंड पर खरे उतरते प्यार की बात है। क्या आप ऐसे प्यार में यकीन करती हैं?
हां, मैं मानती हूं कि प्यार आत्मिक होता है। मैं जिनसे प्यार करती हूं, उनके प्रति काफी भावुक हूं, लेकिन यह भी जानती हूं कि दोनों पक्षों का प्यार बराबर हो, तभी संबंध टिकते हैं। अगर आपका प्यार आपके साथ हो, तो आप किसी को भी हरा सकते हैं।
कहा जा रहा है कि लव स्टोरी 2050 की बू के साथ आप काफी लगाव महसूस करती हैं?
जी हां, मैं बू से प्यार करती हूं। यह गुलाबी टेडी रोबोट है। वह मेरे लिए फल काटता है, कपड़े निकालता है और मेरे साथ खेलता है। शूटिंग करते समय मैं उसे वास्तविक मानने लगी थी। शूटिंग के बाद मैंने हैरी जी से उसे मांग लिया।
हरमन बावेजा के बारे में आप एक शब्द में क्या कहेंगी?
संपूर्ण, हरमन हर तरह से संपूर्ण है। दोस्त, ऐक्टर और इनसान हर तरह से कम्प्लीट।
क्या आपने आशुतोष गोवारीकर की फिल्म के लिए उन्हें हरमन का नाम सुझाया था?
हरमन को उनकी फिल्म के लिए मुझसे पहले ही चुन लिया गया था। मैं उन अभिनेत्रियों में से नहीं हूं, जो किसी का नाम सुझाए।
रितिक और हरमन के बीच चल रही तुलना के बारे में क्या कहेंगी?
अच्छा नहीं लगता। मीडिया ऐसा क्यों करती है, नहीं मालूम। शाहरुख खान को दिलीप कुमार कहा गया। रितिक और शाहिद की तुलना शाहरुख खान से की गई। किसी नए ऐक्टर की ऐसी तुलना उचित नहीं है। मुझे विश्वास है कि हरमन जल्दी ही अपनी पहचान बना लेंगे।
क्या यह सही है कि फिल्म फैशन के लुक के लिए आप उपवास कर रही हैं?
बेकार की बातें हैं ये सब। मुझे खाना बहुत पसंद है। दोपहर में लंच में बटर चिकन, दाल मखनी और चावल लिया था। अभी चिप्स खा रही हूं। कौन कहता है कि मैं उपवास कर रही हूं! बाईस की उम्र तक मैंने सेहत पर ध्यान नहीं दिया था। अब नियमित रूप से जिम जाती हूं, ताकि खाना खाती रहूं।
तो जीरो साइज की होने में आप यकीन नहीं करतीं?
मैं डबल जीरो हूं, लेकिन भूखे या उपवास रख कर नहीं। मैं सेहत के लिए जरूरी चीजें खाती हूं। भारतीय औरतें थोड़ी गुलथुल हों, तो अच्छी लगती हैं। भारतीय मर्दो को ऐसी औरतें पसंद आती हैं। वे औरतों को थामे रहते हैं। अगर औरतें दुबली हो गई, तो उनकी बांहों से फिसल जाएंगी। मुझे अपनी सेहत पसंद है। मैं कभी इतनी पतली-दुबली नहीं होना चाहूंगी कि गाल की हड्डी दिखने लगे। भूखे रहने पर एनर्जी खत्म होती हैं, आंखें धंस जाती हैं।
-मुंबई प्रतिनिधि