पेरिजाद जोराबियन: काम अपनी शर्तो पर

पेरिजाद जोराबियन: काम अपनी शर्तो पर

जन्मदिन - 23 अक्टूबर 1973

जन्मस्थान - मुंबई

दो वर्ष पहले चिकित्सक पति के साथ विवाह करने वाली पेरिजाद जोराबियन अपनी शर्तो पर काम करना पसंद करती हैं। वे हमेशा अपने दिल की सुनती हैं और कहती भी हैं, मेरे लिए सबसे जरूरी है परिवार के साथ-साथ मेरी खुशी। मेरी प्राथमिकता की सूची में पहले परिवार है, फिर मेरा फिल्मी करियर। हां, ऐसी ही हैं पेरिजाद। मॉडलिंग की दुनिया में लोकप्रियता का परचम लहराने के बाद छोटे पर्दे से होते हुए बड़े पर्दे तक का सफर पेरिजाद ने बहुत कम समय में ही तय कर लिया था। नागेश कुक्नूर निर्देशित बॉलीवुड कॉलिंग से वे फिल्मों में दिखीं। पहली ही फिल्म में उन्होंने अपने आकर्षण और अभिनय-प्रतिभा से निर्माता-निर्देशकों को प्रभावित भी किया।

उन्होंने आगे चलकर फिल्मों का चयन करते समय अपनी भूमिका की गुणात्मकता पर अधिक ध्यान भी दिया, जिसका परिणाम यह हुआ कि वे मुख्य धारा की फिल्मों से धीरे-धीरे दूर होती चली गई। वे कहती हैं कि मैं वैसी ही भूमिकाएं निभाने में यकीन करती हूं, जो मुझे अपील करती हैं। उन्होंने भावना व्यक्त करते हुए कहा कि वैसी फिल्मों का हिस्सा बनना मुझे अच्छा लगता है, जो आम मसाला फिल्मों से अलग हों। हट के फिल्मों में पेरिजाद ने अपने आकर्षण से दर्शकों को सम्मोहित करने का सिलसिला जारी रखा। मुक्ता आ‌र्ट्स के बैनर तले बनी जॉगर्स पार्क में जेनी की भूमिका को सहज अंदाज में निभाकर उन्होंने दर्शकों के साथ-साथ आलोचकों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा। मार्निग रागा में शबाना आजमी जैसी उम्दा अदाकारा की मौजूदगी में भी उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। मुंबई मैटनी और एक अजनबी में भी उन्होंने अपने स्वाभाविक अभिनय की छाप छोड़ी। मेघना गुलजार निर्देशित जस्ट मैरिड के बाद कुछ समय के लिए वे रुपहले पर्दे से ओझल भी रहीं, लेकिन अपनी वैवाहिक जीवन की नींव मजबूत करने के बाद वे दोबारा फिल्मों में सक्रिय हो गई हैं। आशा है कि आकर्षक व्यक्तित्व की धनी और मोहक मुस्कान बिखेरने वाली पेरिजाद ऐसे ही निजी जीवन और व्यावसायिक जीवन में संतुलन बनाते हुए समय-समय पर रुपहले पर्दे पर अपनी उपस्थिति से दर्शकों का मन मोहती रहेंगी।

करियर की मुख्य फिल्में

वर्ष- फिल्म- चरित्र

2001- बॉलीवुड कॉलिंग- काजल

2003- जॉगर्स पार्क- जेनी

2003- मुंबई मैटनी- सोनाली

2004- धूम- गेस्ट रोल

2004- मॉर्निग रागा- पिंकी

2005- देवकी- नंदिनी

2005- एक अजनबी- निकाशा

2007- जस्ट मैरिड- अनु

आने वाली फिल्में

हाइवे 2003 और कभी अप कभी डाउन।

-सौम्या अपराजिता

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(23) वोट का औसत

average:4.086954
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित