
जन्मस्थान- कोचिन
जन्मदिन- 27 अगस्त 1980
कद- 5 फुट 6 इंच
हिन्दी फिल्मों में शाहरूख खान बिकते हैं या फिर सेक्स, एक इंटरव्यू के दौरान ग्लैमरस अदाकारा नेहा धूपिया द्वारा कहे गए ये शब्द आज हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री के शब्दकोश में शामिल हो चुके हैं। दरअसल, नेहा को शुरूआती प्रसिद्धि उनके विवादित बयानों ने ही दी।
पूर्व मिस इंडिया नेहा धूपिया ने हिन्दी फिल्मों में अपनी पारी की शुरूआत एक्शन फिल्म कयामत के साथ की। कयामत के बाद उनकी दूसरी फिल्म जूली आयी, जिसमें उन्होंने हालात से जूझती वेश्या की भूमिका निभायी। हालांकि,जूली में नेहा ने अपनी भूमिका के साथ पूरी तरह न्याय किया,पर इस फिल्म के बाद निर्माता-निर्देशकों ने उन्हें उसी लीक की भूमिकाओं में देखा। परिणामस्वरूप नेहा को सिसकियां और शीशा जैसी फिल्में ही मिलीं। एक ढर्रे की फिल्मों से ऊब कर नेहा ने अपनी ग्लैमरस छवि से अलग कॉमेडी फिल्मों में किस्मत आजमायी। क्या कूल है हम में उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को प्रभावित किया। फिल्मों को लेकर दर्शकों की बदलती पसंद के मद्देनजर नेहा ने धीरे-धीरे ऑफबीट फिल्मों की ओर रूख करना शुरू किया। वे छोटे बजट की अर्थपूर्ण फिल्मों में देखी जाने लगीं। मिथ्या, दसविदानियां जैसी फिल्मों में उपस्थिति से उन्होंने सुधी दर्शक वर्ग के बीच अपनी पहचान बनाने का प्रयास किया। इस बीच वे बड़े बजट की फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाओं में भी दिखती रहीं। नेहा की फिल्मों की विविधता का यह सिलसिला भविष्य में भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में नेहा जहां सौरभ शुक्ला निर्देशित और रजत कपूर अभिनीत रात गयी बात गयी में दिखेंगी, तो अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ अभिनीत दे दना दन में भी वे दर्शकों से रूबरू होंगी। विपुल शाह निर्देशित बड़े बजट की फिल्म एक्शन रीप्ले में वे अभिनय कर रही हैं, तो पप्पू कांट डांस जैसी छोटे बजट की हास्य फिल्म में भी नेहा ने अभिनय का प्रस्ताव स्वीकार किया है। वक्त के साथ नेहा भी समझ गयीं हैं कि यदि लंबे वक्त तक हिन्दी फिल्मों में बने रहना है, तो जरूरी है स्वयं को अच्छी अभिनेत्री के रूप में साबित करना। इन दिनों नेहा हॉलीवुड में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। संयुक्त राच्य अमेरिका के एक निजी टीवी चैनल द्वारा निर्मित मिनी सीरिज बॉलीवुड हीरो में वे हॉलीवुड के दर्शकों से रूबरू हो रही हैं। ऐसा लगता है, हिन्दी फिल्मों के साथ-साथ विदेशी दर्शकों को भी अपने मोहपाश में बांधने की तैयारी कर चुकी हैं नेहा।
अपने फिल्मी करियर के इस निखरे-संवरे रूप से नेहा बेहद खुश हैं। वे कहती हैं,अपने कैरियर के इस फेज को मैं एंज्वॉय कर रही हूं। खुश हूं कि मेरी पहचान अब वर्सटाइल एक्ट्रेस की बन रही है। उम्मीद है, छोटे पर्दे से बड़े पर्दे तक का सफर आत्मविश्वास के साथ तय करने वाली नेहा धूपिया विवादों और असफलताओं के बाद भी यूं ही अपनी लोकप्रियता बनाए रखेंगी।
कैरियर की मुख्य फिल्में
वर्ष-फिल्म-चरित्र
2003- कयामत- सपना
2004- जूली- जूली
2004- रक्त- रिया
2006- सिसकियां- आयशा शेख
2005- शीशा- रिया
2005- क्या कूल हैं हम- डाक्टर रेखा
2005- गरम मसाला- मैगी
2006- फाइट क्लब- डॉक्टर कोमल
2006- तीसरी आख- सपना
2006- चुप चुप के- मीनाक्षी
2006- उत्थान- किरन
2007- नहले पे दहला-
2007- देल्ही हाइट्स- सुहाना
2007- एक चालीस की लास्ट लोकल- मधु
2007- शूटआउट एट लोखंडवाला- रोहिणी
2007- दस कहानियां- स्ट्रेंजर्स इन द नाइट की नायिका
2008- रामा रामा क्या है ड्रामा-
2008- मिथ्या-
2008- महारथी- मल्लिका
2008- दसविदानियां- नेहा
2008- सिंह इज किंग- जूली
2008- पेईग गेस्ट- आरती
आने वाली फिल्में- पप्पू कांट डांस,रफ्तार,दे दना दन,एक्शन रीप्ले, रात गयी बात गयी।
-सौम्या अपराजिता