
जन्मदिन- 2 सितंबर 1984
जन्मस्थान- देहरादून
कद- 5 फुट 7 इंच
देहरादून में पली-बढ़ी उदिता गोस्वामी को बचपन से ही शोबिज की रंगीनियां अपनी ओर आकर्षित करती थी, पर उनके लिए हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री तक का सफर इतना आसान नहीं था। परिवार की परंपरावादी सोच ने उदिता को ग्लैमर इंडस्ट्री में कॅरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित नहीं किया, पर वे अपने धुन की पक्की थीं। जब उदिता ने ग्लैमर इंडस्ट्री में कॅरियर बनाने की इच्छा अपने माता-पिता से जाहिर की, तब उनकी ओर से कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला। फिर भी, उदिता अडिग रहीं। उन्होंने मुंबई का रुख किया। वक्त के साथ माता-पिता का भी समर्थन उन्हें मिलने लगा और वे पूरी तरह ग्लैमर इंडस्ट्री में रम गयीं। मॉडलिंग इंडस्ट्री में अपने आकर्षण का जादू चलाने के बाद उदिता ने हिन्दी फिल्मों का रुख किया।
पूजा भट्ट ने उदिता में बेहतरीन अभिनेत्री की झलक देखी और अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म पाप में मुख्य भूमिका निभाने का अवसर दिया। हालांकि, पाप बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर पायी, पर अपनी अभिनय प्रतिभा और खूबसूरती से उदिता ने दर्शकों और फिल्म-निर्माताओं को जरूर आकर्षित किया। पाप के बाद उदिता की फिल्मी झोली में दूसरी फिल्म जहर आयी। जहर की सफलता ने उदिता को लोकप्रियता की नयी ऊंचाइयां दी। हालांकि, जहर से मिली सफलता को उदिता बरकरार नहीं रख पायीं और वे दूसरे दर्जे की अभिनेत्री बनकर रह गयीं। अक्सर, अगर और किससे प्यार करूं जैसी फिल्मों में उनकी उपस्थिति ने दर्शकों पर विशेष प्रभाव नहीं छोड़ा। लंबे अंतराल के बाद हालिया रिलीज फॉक्स में उदिता दिखीं, पर इस बार भी उनके हाथ असफलता ही लगी। असफलताओं से उदिता निराश नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद का दामन थाम रखा है। वे कहती हैं, पीछे मुड़कर देखने में मैं यकीन नहीं करती हूं। आज में जीती हूं। मुझे अपनी फिल्मों से कोई शिकायत नहीं है।
उदिता का निजी जीवन उनकी फिल्मों से ज्यादा सुर्खियों में रहा है। दरअसल, जहर की शूटिंग के दौरान उदिता और निर्देशक मोहित सूरी मधुर रिश्ते में बंध गए थे। आज भी, मोहित सूरी के साथ उदिता का प्रेम-संबंध बरकरार है। निजी जीवन के इस मधुर रिश्ते को सहेजते हुए उदिता नए सिरे से अपने फिल्मी कॅरियर को संवारने की दिशा में प्रयासरत हैं। उम्मीद है, निजी जीवन की खुशियों के साथ-साथ उदिता को जल्द ही उनके हिस्से की सफलता और प्रशंसा मिलनी शुरू हो जाएगी। कॅरियर की मुख्य फिल्में वर्ष- फिल्म- चरित्र 2003- पाप- काया
2005- जहर- अन्ना
2006- अक्सर- शीना
2007- अगर- जाह्नवी
2009- किससे प्यार करूं- शीतल
2009- फॉक्स- सोफिया
आने वाली फिल्में-हेलो इंडिया, द मैन और चेज़।
-सौम्या अपराजिता