
जन्मदिन- 7 जनवरी 1979
जन्मस्थान- कोलकाता
कोयना मित्रा ने आइटम गर्ल से अभिनेत्री तक का सफर आत्मविश्वास के साथ तय किया है। ग्लैडरैग्स मेगा मॉडल उन्होंने अपनी फिल्मी पारी की शुरूआत रामगोपाल वर्मा की फिल्म निर्माण कंपनी के बैनर तले बनी फिल्म रोड के एक गीत से की।
रोड में कोयना की आकर्षक थिरकन और आत्मविश्वास का ऐसा असर फिल्म निर्माता-निर्देशकों पर हुआ कि उनके पास फिल्मों में अभिनय के प्रस्तावों की बाढ़ सी आ गई। इस तरह कोयना बन गई आइटम डांसर से अभिनेत्री। बतौर अभिनेत्री कोयना की पहली फिल्म थी मुसाफिर। अनिल कपूर और संजय दत्त सरीखे अभिनेताओं की मौजूदगी में भी कोयना ने अपनी अभिनय-क्षमता का प्रभावी परिचय दिया। हालांकि, कोयना के अभिनय पर उनका ग्लैमर ही हावी रहा। उसके बाद आई इंसान।
इंसान में कोयना कुछ खास कमाल नहीं कर पायीं। कोयना मित्रा के फिल्मी कैरियर की सबसे उल्लेखनीय फिल्म रही, एक खिलाड़ी एक हसीना। एकल नायिका के रूप में कोयना ने इस फिल्म में नताशा की चुनौतीपूर्ण भूमिका को बखूबी निभाया। उनका अभिनय नायक फरदीन खान की मौजूदगी पर हावी रहा। पर एक खिलाड़ी एक हसीना की बॉक्स ऑफिस पर असफलता के कारण कोयना अपने हिस्से की प्रशंसा से वंचित रहीं। मुक्ता आटर््स के बैनर तले बनी अपना सपना मनी-मनी में कोयना ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को परिचित कराने का प्रयास किया। दर्शकों को हंसाने के प्रयास में वे सफल भी रहीं। चुनींदा फिल्में करने वाली कोयना की इस वर्ष मात्र एक ही फिल्म प्रदर्शित हुई अनामिका। अनामिका में उनके अभिनय को समीक्षकों की प्रशंसा मिली। पर इस बार भी बेहतरीन अभिनय उनके फिल्मी कैरियर को सही दिशा नहीं दे पाया। अनामिका बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गयी और एक बार फिर कोयना की उम्मीदें धुंधली हो गई।
पिछले छह वर्ष से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जमीन तलाश रही कोयना बॉक्स ऑफिस की सफलता से वंचित रहीं। पर छोटे-से फिल्मी कैरियर में उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। कभी, वे तनुश्री दत्ता के साथ अपनी सघन मित्रता के कारण चर्चा में रहीं तो कभी, बिपाशा बसु के साथ अनबन के कारण उन्होंने खबरों में जगह पाई। वैसे कोयना अपनी शर्तो पर ही जीवन जीने में यकीन रखती हैं। बिना किसी समझौते के वे अपना फिल्मी सफर जारी रखना चाहती हैं और यही वजह है कि वे फिल्मों में अपनी उपस्थिति तभी दर्ज कराती हैं जब उन्हें पसंद की भूमिका निभाने का अवसर मिलता है।
करियर की मुख्य फिल्में
वर्ष-फिल्म-चरित्र
2002- रोड-नर्तकी
2004- मुसाफिर-लारा
2005- इंसान-सोनाली राठौड़
2005- एक खिलाड़ी एक हसीना-नताशा कपूर
2006- अपना सपना मनी मनी-जूली फर्नाडीज
2007- हे बेबी-मेहमान भूमिका
2008- अनामिका-मालिनी
-सौम्या अपराजिता