
छोटे पर्दे की आकर्षक अदाकारा अदिति शिरवइकर इन दिनों स्टार के शो स्टार विवाह के संचालन की जिम्मेदारी निभा रही हैं। अभिनेता मोहित मलिक के साथ प्रेम-संबंध को लेकर चर्चा में रहने वाली अदिति इस नई जिम्मेदारी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। बातचीत अदिति से..
शो स्टार विवाह से जुड़ने की योजना कैसे बनी?
मेरे पास हमेशा ही ऐंकरिंग के ऑफर आते रहे हैं। मैं बहुत बोलती हूं, शायद इसीलिए! वैसे, जब ऐसे ऑफर आते थे, तब मेरे पास वक्त नहीं होता था। जब स्टार विवाह की ऐंकरिंग का ऑफर आया, तब संयोग से मेरे पास वक्त था। एक तो यह स्वयं में अनोखा शो है और दूसरी बात यह थी कि जब आप फ्री होते हैं, तब बेहतर काम का ही इंतजार करते हैं। मैं हमेशा क्वालिटी वर्क में यकीन करती हूं। इसलिए मैंने इस शो की ऐंकरिंग की जिम्मेदारी झट से स्वीकार ली।
स्टार विवाह के संचालन का अनुभव कैसा रहा?
मैं इस शो को रिअॅल शो मानती हूं। इस शो की ऐंकरिंग के कारण ही मुझे अलग-अलग फील्ड के लोगों से मिलने का अवसर मिला है। मेरी जिम्मेदारी शो पर दिखाए जा रहे योग्य वर-वधुओं से उनकी दिल की बातें निकालना है। वे अपने लाइफ पार्टनर से क्या चाहते हैं? उनके क्या सपने हैं? पता करने की कोशिश कर रही हूं। मेरी और मोहनीश बहल की कोशिश होती है कि शो में दिखाए जाने वाले लड़के-लड़कियों के बारे में पूरी जानकारी दर्शकों के सामने आएं। उनसे जानकारियां इकट्ठी करने के लिए मैं उनके साथ ट्यूनिंग बनाने की कोशिश करती हूं। उन पर प्रेशर डाले बिना उनके बारे में जानने की कोशिश करती हूं। स्टार विवाह की होस्टिंग के दौरान मुझे रिअॅल लोगों से उनकी रिअॅल इच्छाओं और रिअॅल भावनाओं से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।
क्या दहेज जैसी कुप्रथा के उन्मूलन के लिए भी यह शो प्रयास कर रहा है?
जी बिल्कुल। हम अपनी ओर से पूरी कोशिश करते हैं कि दहेज की बात हमारे शो पर नहीं हो। स्टार विवाह दहेज के खिलाफ है। यह बात हम हमेशा कहते हैं और कहते रहेंगे। शो में आने वाले प्रत्येक लड़के-लड़कियों के समक्ष हम अपना व्यू पेश करते हैं। उन्हें समझाने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन यह उन पर डिपेंड करता है कि वे क्या करने वाले हैं और क्या नहीं करने वाले!
मोहनीश बहल जैसे सीनियर कलाकार का साथ कैसा लग रहा है?
पहले दिन की शूटिंग के दिन मैं काफी घबराई हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे उनके सहयोग के कारण मेरी घबराहट जाती रही। इतने सीनियर ऐक्टर के साथ मंच शेयर करना मेरे लिए बड़ी बात है। वे मेरे लिए पिता जैसे हैं। उनके अनुभव से सीखने की कोशिश कर रही हूं।
आप खुद अरेंज मैरिज में कितना यकीन करती हैं?
मैं मानती हूं कि अरेंज मैरिज और लव मैरिज जैसी कोई चीज नहीं होती है। अरेंज मैरिज में शादी के बाद प्यार होता है और लव मैरिज में शादी के पहले। जरूरी है आपसी समझ और एक-दूसरे के प्रति प्यार।
..लेकिन चर्चा है कि आप प्रेम-विवाह करने वाली हैं?
कहा जा सकता है, लेकिन मैं मोहित के साथ शादी अपने परिजनों की मर्जी से करूंगी। हम दोनों ही अपने परिवार को पूरा वक्त देंगे कि वे हमारे रिश्ते को स्वीकारें। पहले तो मेरा परिवार मोहित के साथ मेरे रिश्ते को लेकर तैयार नहीं था, क्योंकि मैं महाराष्ट्रीयन हूं और मोहित पंजाबी लेकिन धीरे-धीरे सब नॉर्मल हो गया। मैंने और मोहित ने तय किया है कि हम शादी करेंगे, तो अपने परिवार वालों की मर्जी से ही। संभव है अगले साल हमारी शादी हो जाए।
अभी तक के अपने एक्टिंग करियर से कितनी खुश हैं?
मेरे अभिनय सफर की शुरुआत हास्य धारावाहिक शरारत से हुई थी। उसके बाद सारथी और कुमकुम में अभिनय करने का अवसर मिला। फिर मैंने नच बलिए किया। जितना मिलता है, उसी में खुश रहती हूं। हैप्पी गो लकी किस्म की हूं।
-सौम्या अपराजिता