फिल्मों से मिलती है शोहरत: सोनल सहगल

फिल्मों से मिलती है शोहरत: सोनल सहगल

कई धारावाहिकों में केंद्रीय भूमिका निभा चुकीं सोनल सहगल ने लगभग डेढ़ वर्ष बाद फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने का निर्णय किया है। दरअसल, धारावाहिकों की शूटिंग की व्यस्तता के कारण वे अपने वैवाहिक जीवन के लिए समय नहीं निकाल पा रही थीं। यही वजह है कि उन्होंने छोटे पर्दे से खुद को दूर कर लिया। सोनल के अनुसार, फिल्मों में व्यस्तता कम और शोहरत अधिक मिलती है। फिल्म रेडियो से अपनी फिल्मी पारी की शुरुआत कर रहीं सोनल से बातचीत..

छोटे पर्दे से बड़े पर्दे पर आने की वजह?

धारावाहिकों की शूटिंग में बहुत थक जाती थी। खुद के लिए समय निकालना बेहद मुश्किल होता था। मैंने सोच लिया कि अब टीवी के लिए काम नहीं करूंगी। फिल्मों में अभिनय करना ज्यादा सरल है। यदि साल में एक फिल्म भी की जाए, तो उस फिल्म की शूटिंग लगभग तीन महीने चलती है और उसके बाद आप फ्री रहते हैं। मुझे तो लगता है कि शादीशुदा महिलाओं के लिए फिल्मों में एक्टिंग सबसे बढि़या विकल्प है।

नागेश कुकनूर निर्देशित आशाएं से आपके फिल्मी करिअर की शुरुआत होने वाली थी?

हां। आशाएं पिछले साल ही रिलीज होने वाली थी, लेकिन निर्माता और वितरक के बीच अनबन के कारण ऐसा नहीं हो पाया। अब यह जनवरी में रिलीज होगी। उम्मीद है, इस फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ मुझे दर्शक पसंद करेंगे। अब पहले रेडियो रिलीज होगी।

रेडियो के बारे में कुछ बताएंगी?

यह दिसंबर में आएगी। रेडियो एक लव स्टोरी है। फिल्म की शुरुआत में ही दर्शकों को डिवोर्स वाला सीन देखने को मिलेगा। आज के यूथ रेडियो से खुद को आइडेंटिफाई करेंगे। डायरेक्टर ईशान ने फिल्म की कहानी लिखी है। चूंकि फिल्म की कहानी रेडियो स्टेशन के बैकड्रॉप में है, इसलिए फिल्म का शीर्षक रेडियो है।

रेडियो में आपकी क्या भूमिका है?

मैं हिमेश रेशमिया की पत्नी की भूमिका निभा रही हूं। फिल्म में मेरा और हिमेश का डिवोर्स हो चुका है, फिर भी हम दोस्त हैं। जिस तरह आज कल के लव में होता है कि ब्रेक-अप के बाद भी लड़के-लड़कियां दोस्त बने रहते हैं। डिवोर्स के बाद हिमेश की जिंदगी में नई लड़की आती है और कहानी ट्रैंगुलर लव स्टोरी हो जाती है।

रेडियो और आशाएं के अलावा दर्शक और किन फिल्मों में आपको देखेंगे?

अगले साल मिलाप जवेरी की फिल्म जाने कहां से आई है रिलीज होगी। यह एक रोमांटिक कॉमेडी है। इसमें रितेश देशमुख, जैकलीन फर्नाडीस और रुसलान मुमताज के साथ अभिनय करने का मौका मिला है। हिमेश के साथ एक और अनाम फिल्म कर रही हूं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:3.0000005
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित