
कैटरीना पहले हिंदी नहीं बोल पाती थीं, लेकिन खुशी की बात है कि इस मुलाकात में उन्होंने हिंदी में बातचीत की। वे एकदम सही तो नहीं, लेकिन हिंदी ठीकठाक बोल रही थीं। कैटरीना से यह बातचीत हो रही थी उनकी आने वाली फिल्म अजब प्रेम की गजब कहानी और कुछ आने वाली नई फिल्मों को लेकर। प्रस्तुत हैं उसके अंश..
अब आप अच्छी हिंदी बोल रही हैं?
मैं अभी भी कोशिश ही कर रही हूं। अपनी फिल्मों में काम करने वाले साथी कलाकार, आसपास के लोग और अपने टीचर से हिंदी सीख रही हूं। मैं अब हिंदी लिखने भी लगी हूं। मेरा नाम कैटरीना या कटरीना नहीं है। मैं सही में कट्रीना हूं। (वे लिख कर बताती हैं)
अजब प्रेम की गजब कहानी को आप कैसी फिल्म मानती हैं?
यह सिर्फ कॉमेडी फिल्म नहीं है। इसमें रोमांस भी है। आज के युवा लड़के-लड़कियां दोस्त होते हैं। समय बीतने और साथ रहने के बाद उन्हें एहसास होता है कि वे प्रेमी भी हैं। इधर ऐसी फिल्में आने लगी हैं। आप जाने तू या जाने ना को ही देखें। कई बार ऐसा होता है कि आप का बेस्ट फ्रेंड आपका प्रेमी भी होता है। अगर ऐसा हो, तो बहुत अच्छी बात होती है। आजकल स्कूल कॉलेज में लड़के-लड़कियां पहले दोस्त बनते हैं। बाद में कुछ और हो जाते हैं.. प्रेम हो जाता है।
फिल्म का नायक प्रेम (रणबीर कपूर) है। क्या आप उसके बारे में कुछ बताएंगी?
प्रेम तो बस प्रेम ही है। फिल्म में पहली बार वह जब प्यार होता है.. गाने में काला सूट पहनकर पार्टी में डांस करता हुआ आता है। जेनी उससे कहती है, डांस तो अभी शुरू नहीं हुआ है?, तो उसका जवाब होता है मैं शरीर को गर्म कर रहा हूं। राज कुमार संतोषी ने प्रेम को मजेदार डायलॉग दिए हैं। रणबीर ने तो गजब का काम किया है। कॉमेडी में ऐसी टाइमिंग बीस-पच्चीस फिल्मों के बाद आई है।
संतोषी जी थोड़े अलग किस्म के डायरेक्टर माने जाते हैं? उनके साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
उनकी चटपटी कॉमेडी हम फिल्म अंदाज अपना अपना में देख चुके हैं। इस फिल्म में भी कॉमेडी का स्तर वैसा ही है। मजेदार, गजब और अजीब.., लेकिन साथ में रोमांस भी है। हम दोनों की रोमांटिक जोड़ी है। संतोषी जी की फिल्म इधर आई कॉमेडी फिल्मों से अलग और मजेदार है। वे अपने काम में मास्टर हैं। मुझे तो लगता है कि हर ऐक्ट्रेस को उनकी फिल्म से जुड़ना चाहिए। फिल्म की शूटिंग के दौरान ऐसा लग रहा था कि हमलोग किसी स्कूल में हैं। नौ बजे का टाइम है, तो आपको उसके पहले तैयार हो जाना है। हम सभी अच्छे स्टूडेंट्स की तरह थे। वे अच्छे टीचर हैं। इस फिल्म से मैंने बहुत कुछ सीखा है, जो आगे की फिल्मों में काम आएगा।
अपने रोल के बारे में क्या कहेंगी?
जेनी एकदम सिंपल लड़की है। वह सब कुछ समय पर करना चाहती है। काफी अनुशासन है उसकी लाइफ में। ऐसी लड़कियां आम जिंदगी में नहीं मिलतीं। इस फिल्म में मैंने खास मेकअप नहीं किया है। जेनी लाइब्रेरी में काम करती है। चाहती है कि उसके परिवार के लोग खुश रहें। यह सब करते हुए वह भावुक हो गई है। चाहती है कि कोई उसे प्यार करे। उसकी जिंदगी में भी प्रेम हो, लेकिन जाहिर नहीं कर पाती। आपने देखा होगा कि कुछ लड़कियां बहुत अच्छी होती हैं, लेकिन अकेली हो जाती हैं। जेनी ऐसी ही है। उसकी जिंदगी में प्रेम आता है, तो सब कुछ बदलता है। वह कैथोलिक गर्ल है। इसमें रणबीर मेरा प्रेमी है।
संतोषी जी के संपर्क में आप कब आई?
उनसे मेरी मुलाकातें होती रही हैं। जब वे फैमिली और खाकी बना रहे थे, तभी से मैं उनके साथ काम करना चाहती थी। उनकी कुछ फिल्में भले ही नहीं चलीं, लेकिन आप उनके क्राफ्ट पर उंगली नहीं उठा सकते। वे कमाल के डायरेक्टर हैं। उनकी खाकी, दामिनी और द लीजेंड ऑफ भगत सिंह मुझे अच्छी लगीं।
क्या आपकी ख्वाहिशें पूरी हो रही हैं? अपने काम को किस रूप में आंकती हैं?
कहना मुश्किल है। अगर आप मेरे करिअर को देखें, तो पाएंगे कि मुझे सब कुछ मिला। दर्शकों का प्यार मिला और फिल्में चलीं। कोई भी कह सकता है कि मैं बहुत भाग्यशाली हूं। मुझे सब कुछ मिला है। मुझे ईश्वर का आशीर्वाद हासिल है। मेरा करिअर किसी सपने की तरह लगता है। सोचती हूं कि आगे भी अच्छा होगा और मैं दर्शकों की फेवरिट बनी रहूंगी।
अपनी प्रोग्रेस को कैसे देखती हैं?
मैं तो मानती हूं कि हर फिल्म में जरा भी सुधरती गई, तो अच्छी बात है। यही चाहती हूं कि अगली फिल्म में पिछली से बेहतर और कुछ अलग करूं। अब तो लोग भी मान रहे हैं। मैं एक साथ या अचानक ऐसा नहीं चाहती कि अगली फिल्म में नेशनल अवार्ड मिल जाए। मैं धीरे-धीरे आगे बढ़ रही हूं।
..लेकिन नेशनल अवार्ड के लिए तो सताई हुई महिला की भूमिका निभानी पड़ेगी और आप..?
जानती हूं, लेकिन अभी मैं उस बारे में सोचती भी नहीं। कभी मौका मिला, तो वैसी भूमिका भी करूंगी।
आगे आपकी कौन-कौन-सी फिल्में आएंगी?
प्रियदर्शन के निर्देशन में दे दना दन की है। फिर प्रकाश झा की राजनीति मिल गई। उसे भी कर रही हूं। राजनीति भी मेरी खास फिल्म होगी। उसमें देखने के बाद मेरे बारे में लोगों की धारणा बदलेगी।