
पिछले सात वर्षो से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जमीन तलाश रही हैं कोएना मित्रा। छोटे-से फिल्मी करियर में वे बॉक्स ऑफिस की सफलता से तो वंचित रहीं, लेकिन उन्होंने चर्चा खूब बटोरी है। कभी वे तनुश्री दत्ता के साथ अपनी मित्रता केकारण चर्चा में रहती हैं, तो कभी बिपाशा बसु केसाथ अनबन के कारण। कोएना अपनी शर्तो पर जीने में यकीन रखती हैं। बिना किसी समझौते केवे अपना फिल्मी सफर जारी रखना चाहती हैं। वे फिल्मों में अपनी उपस्थिति तभी दर्ज कराती हैं, जब उन्हें पसंद की भूमिका मिलती है। उन्हें फिल्में देखने का नशा है। बीते दिनों हुई मुलाकात में कोएना ने फिल्मों से जुड़ी अपनी पसंद से अवगत कराया..
आपकी पसंदीदा फिल्म?
आदित्य चोपड़ा निर्देशित दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे मेरी ऑल टाइम फेवरेट फिल्म है।
आपके पसंदीदा निर्देशक कौन हैं?
एकमात्र गुरुदत्त। उनकी फिल्में देखना मुझे पसंद है। काश.., मुझे उनके निर्देशन में अभिनय करने का अवसर मिलता!
आपके पसंदीदा अभिनेता?
अमिताभ बच्चन मेरे सबसे प्रिय अभिनेता हैं। मैं उनका बहुत सम्मान करती हूं।
आपकी पसंदीदा अभिनेत्री?
माधुरी दीक्षित मेरी पसंदीदा अभिनेत्री हैं। अभिनय और डांस में उनका जवाब नहीं।
..और पसंदीदा विलेन कौन हैं?
अमरीश पुरी। उन्होंने मिस्टर इंडिया में मोगैंबो की भूमिका को यादगार बना दिया।
हिंदी फिल्मों का कोई पसंदीदा दृश्य?
दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे में काजोल और शाहरुख खान पर फिल्माए गए सभी दृश्य मुझे पसंद हैं। खासकर, वे सीन, जो ज्यूरिख में शूट हुए हैं।
किस हिंदी फिल्मी गीत को बार-बार सुनना पसंद करती हैं?
मुसाफिर का गीत साकी साकी रे.. मेरा पसंदीदा गीत है। इस गाने की शूटिंग को मैंने खूब एन्ज्वॉय किया था।
आपके पसंदीदा संगीतकार कौन हैं?
ए आर रहमान। उनके म्यूजिक में वेस्टर्न और इंडियन का तालमेल है, जो मुझे बेहद पसंद है।
पसंदीदा गायक?
किशोर कुमार मेरे पसंदीदा गायक हैं। उन्होंने गाये गीत मुझे पसंद हैं।
पसंदीदा गायिका?
आशा भोंसले। उनकी गायकी का अंदाज मुझे पसंद है।
-मुंबई प्रतिनिधि