नही ली अभिनय की ट्रेनिंग

नही ली अभिनय की ट्रेनिंग

मनजोत सिंह को फिल्म ओय लकी लकी ओय से अच्छी चर्चा मिली थी। उन्हें उस रोल के लिए बेस्ट ऐक्टर का फिल्मफेयर अवार्ड (समीक्षक) मिला था। मनजोत ने फिल्म उड़ान में भी काम किया और अभी वे एक कार के ऐड में नजर आ रहे हैं। खतरों के खिलाड़ी सीजन-3 में प्रतिभागी रहे मनजोत की हाल ही में पंजाबी फिल्म प्योर पंजाबी रिलीज हुई है। पिछले दिनों उनसे बातचीत हुई। प्रस्तुत हैं अंश..

आपकी पहली पंजाबी फिल्म रिलीज हुई है। पंजाबी दर्शकों से कैसा रेस्पॉन्स मिला?

पॉलीवुड में भी अब बॉलीवुड की तरह अच्छे विषय और अच्छी तकनीक का इस्तेमाल होने से फिल्मों का स्तर बेहतर हो गया है। अब दर्शक इन्हें देखने सिनेमा घरों तक पहुंचते हैं। प्योर पंजाबी के लिए मैंने अभी तक लोगों से सकारात्मक रेस्पॉन्स ही पाया है। मुंहामुंही प्रशंसा से फिल्म का अच्छा प्रचार हो गया और लोग फिल्म देखने आए। इस सफलता से मेरा उत्साह बढ़ा है।

आपने अभिनय का प्रशिक्षण लिया है?

नहीं, मैंने अभिनय से संबंधित किसी भी तरह की ट्रेनिंग नहीं ली है। ओय लकी.. के लिए मेरा चयन हुआ था और उसमें मेरा काम देखने के बाद मुझे प्योर पंजाबी का ऑफर मिला।

इन दिनों नया क्या कर रहे हैं?

अभी मैं करण जौहर द्वारा निर्देशित फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर में काम कर रहा हूं। इस फिल्म में मुख्य भूमिका वरुण धवन और आलिया निभा रही हैं। मेरा रोल स्टूडेंट का है।

क्या अभिनय के साथ पढ़ाई भी कर रहे हैं?

हां जी, मैं बीए प्रोग्र्रामिंग के प्रथम वर्ष का छात्र हूं। हालांकि पढ़ाई में औसत हूं, पर उसे भी अभिनय के साथ जरूरी समझता हूं।

परिवार के बारे में कुछ बताएंगे?

मेरे पिता परमजोत सिंह का ऑटोमोबाइल पा‌र्ट्स का कारोबार है और अच्छी बात यह है कि वे भी अभिनय का शौक रखते हैं। उन्होंने भी फिल्म पटियाला हाउस में एक छोटा रोल किया था। मेरी मां दर्शन कौर एक हाउसवाइफ हैं और मेरा एक भाई है, जो ऑस्ट्रेलिया में पढ़ता है।

आगे की क्या योजनाएं हैं?

अभी तो शुरुआत है। मुझे अभिनय के क्षेत्र में ही करियर बनाना है और उसके लिए अपनी बॉडी पर काफी मेहनत करनी है। डांस सीखना है। मार्शल आर्ट में निपुण होना है, तभी मैं बॉलीवुड या पॉलीवुड में लंबे समय तक टिक पाऊंगा। इन सब बातों पर मैं अमल कर रहा हूं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:3
Saving...