मनीष-द्रविड़ ने यूपी को किया परेशान   
 
 

मेरठ। रणजी ट्राफी सुपर लीग के ग्रुप-बी के मैच में कर्नाटक ने मंगलवार को मनीष पांडे [194 नाबाद] के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन व राहुल द्रविड़ [97 रन] की बदौलत उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहले दिन पांच विकेट पर 372 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है।

द्रविड़ हालांकि दुर्भाग्यशाली रहे और अपने शतक से मात्र तीन रन पहले रन आउट हो गए। जबकि मनीष ने दूसरा छोर थामे रखा और पहले दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद रहे। यूपी की इस हालत के लिए कुछ हद तक उसके क्षेत्ररक्षक जिम्मेदार हैं जिन्होंने शुरुआत में मनीष व द्रविड़ के कैच छोड़ दिए। 12वें ओवर में पहले भुवनेश्वर की गेंद पर प्रवीण गुप्ता ने स्लिप में मनीष का कैच टपकाया। बाद में द्रविड़ को 27 रन के निजी स्कोर पर आरपी सिंह की गेंद पर रविकांत ने स्लिप पर जीवनदान दिया। बाद में रविकांत ने ही द्रविड़ को 97 रन के निजी स्कोर पर रन आउट भी किया। द्रविड़ व मनीष के बीच चौथे विकेट के लिए 273 रन की साझेदारी हुई। इससे पहले यूपी के कप्तान मुहम्मद कैफ ने टास जीतकर क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। उनके इस निर्णय को आरपी ने तीसरे ओवर में सही ठहराते हुए उपकप्तान राबिन उथप्पा को शून्य पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। इसके बाद भुवनेश्वर ने अमित वर्मा को पांच व शलभ श्रीवास्तव ने पवन को 15 रन के निजी स्कोर पर आउट कर मैच यूपी के कब्जे में करने की कोशिश की, पर मेहमानों के मंसूबों पर द्रविड़ व मनीष ने लंबी साझेदारी कर पानी फेर दिया। यूपी की ओर से भुवनेश्वर ने दो, आरपी व शलभ ने एक-एक विकेट लिया।

बांगड़ का नाबाद शतक

नई दिल्ली। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर संजय बांगड़ के नाबाद शतक [111] की मदद से रेलवे ने तमिलनाडु के खिलाफ सुपर लीग में ग्रुप-ए मैच के पहले दिन चार विकेट पर 242 रन बनाकर ठोस शुरुआत की। करनैल सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में बांगड़ ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरकर कप्तान मुरली कार्तिक के टास जीतकर बल्लेबाजी के फैसले को सही साबित किया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज फैज फजल के साथ 80 और येरे गौड़ के साथ 76 रन की अहम साझेदारियां की। बांगड़ ने अब तक अपनी पारी में 217 गेंदों का सामना कर 14 चौके व दो छक्के लगाए हैं। उसने रणजी करियर का 10वां शतक पूरा किया। उनके बाद फैजल ने 70 रन का योगदान दिया। दिन का खेल खत्म होने के समय बांगड़ के साथ संजीब सांन्याल छह रन बनाकर खेल रहे थे। तमिलनाडु को पहली सफलता अभिनव ने राज को 13 रन के निजी स्कोर पर आउट करके दिलाई। फैजल दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उसे आफ स्पिनर अश्विन ने आउट किया।

अगारकर-जहीर ने बरपाया कहर

चंडीगढ़। अजित अगारकर व जहीर खान की कहर बरपाती गेंदबाजी के आगे पंजाब टीम की बल्लेबाजी मुंबई के खिलाफ लड़खड़ा गई। रवि इंदर [104] रनों की शतकीय पारी नहीं खेली होती तो पंजाब के लिए हालत और नाजुक होते। पहले दिन का खेल खत्म होने तक पंजाब ने नौ विकेट पर 242 रनों का सम्मान जनक स्कोर खड़ा कर लिया था। तब मनप्रीत गोनी [30] व लवअबलिश बिना खाता खोले क्रीज पर थे। अगारकर ने चार विकेट निकाले, जबकि जहीर खान के खाते में तीन विकेट आए। इन दोनों का धवल कुलकर्णी ने भी साथ निभाते हुए दो बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। कंधे की चोट की वजह से टीम इंडिया से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज जहीर ने दिखा दिया कि चाहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या फिर घरेलू क्रिकेट मौजूदा समय में श्रीरामपुर एक्सप्रेस ही देश के नंबर वन तेज गेंदबाज हैं। पंजाब ने टास जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पर रवि इंदर को छोड़कर शेष कोई बल्लेबाज विकेट पर टिकर नहीं खेल सके। कप्तान अंकुर कक्कड़ समेत पंकज धर्मानी, सनी सोहल, तरुवर कोहली ने बल्ले से निराश किया। रविइंदर ने पवेलियन लौटने से पहले 17 चौकों व एक छक्के की मदद से 104 रनों की शतकीय पारी खेलकर टीम को संकट से उबरने में मदद की। रवि इंदर के अतिरिक्त उदय कौल ने 28 व मनप्रीत गोनी ने 30 रन बनाए।

सौरभ के शतक से झारखंड मजबूत

रांची। कप्तान सौरभ तिवारी के जुझारू [136] शतक व राजीव कुमार राजा की ठोस बल्लेबाजी [75] की बदौलत झारखंड ने प्लेट ग्रुप में अपने पहले मैच में त्रिपुरा के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहले दिन की खेल समाप्ति तक मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 299 रन बनाकर स्थिति मजबूत कर ली है। उस समय पहला रणजी मैच खेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज एसपी गौतम 12 व शहबाज नदीम 10 रन बनाकर खेल रहे थे। त्रिपुरा के कप्तान राजीव दत्ता ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लेकर सभी को चौंका दिया। 22 रनों पर मेजबान टीम के दो विकेट गिर जाने के बाद लग रहा था कि उनका निर्णय सही है।

पार्थिव का अर्धशतक 

अहमदाबाद। पार्थिव पटेल की 83 रन की अर्धशतकीय पारी से गुजरात ने सुपर लीग में ग्रुप-ए मैच के पहले दिन उड़ीसा के खिलाफ अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 237 रन बनाए। टास जीतने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 89 रन था। पार्थिव ने यहीं से रूजुल भट्ट [46] के साथ 89 रन की साझेदारी की। स्टंप उखड़ने के समय तिमिल पटेल 11 और अशरफ मकड़ा 31 रन पर खेल रहे थे। उड़ीसा की ओर से धीरज सिंह ने 88 रन पर चार विकेट लिए। जबकि देवाशीष मोहंती ने 17 ओवर में 26 रन पर दो विकेट हासिल किए।

खोड़ा ने राजस्थान को संभाला

गुवाहाटी। सलामी बल्लेबाज गगन खोड़ा के शतकीय प्रहार के बावजूद राजस्थान की टीम असम के खिलाफ प्लेट ग्रुप-ए के पहले ही दिन साईराज बहुतुले व अर्लेन कंवर के झटकों से उबर नहीं सकी और 228 रन पर आउट हो गई। पहले बल्लेबाजी करने वाली राजस्थान की टीम के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे, पर खोडा ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कुलदीप सिंह के साथ 61 रन की साझेदारी की, जो पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। असम के लिए खेल रहे स्पिनर बहुतुले ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 25 ओवर में 66 रन देकर चार विकेट लिए। जबकि अर्लेन ने 46 रन देकर चार विकेट चटकाए। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय असम ने बिना किसी नुकसान के एक रन बना लिया था।

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(7) वोट का औसत

average:4.285714
Saving...