टीम इंडिया को मिली खुशी तो कंगारूओं को गम   
 
 

हैदराबद। रोमांचक हो चुकी वनडे सीरीज में भारत के जुझारू बल्लेबाज गौतम गंभीर जहां राजीव गांधी स्टेडियम में होने वाले पांचवें वनडे मुकाबले के लिए फिट हो गए हैं वहीं चोट के कारण हरफनमौला खिलाड़ी मोइसेस हेनरिक्स के बाहर होने से आस्ट्रेलियाई टीम को एक बार फिर करारा झटका लगा है।

    तीसरे वनडे मैच के दौरान गर्दन पर चोट लगने के कारण गंभीर मोहाली में चौथे मैच में नहीं खेल सके थे। भारत यह मुकाबला हार गया था। सात मैचों की सीरीज में दोनों टीमें इस समय 2-2 से बराबरी पर चल रही हैं। भारत को शीर्ष पायदान पर पहुंचने के लिए कंगारूओं पर विजय पाना होगा। गभीर की वापसी से टीम इंडिया का मध्य क्रम मजबूत हो गया है।

    दूसरी ओर मेहमान टीम में खिलाडि़यों के चोटिल होने का सिलसिला जारी है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया [सीए] के मुताबिक हेनरिक्स की जांघ की मांसपेशी में खिंचाव है और उन्हें कम से कम तीन दिनों तक आराम की सलाह दी गई है। मोहाली में चौथे वनडे मुकाबले के दौरान क्षेत्ररक्षण करते वक्त हेनरिक्स को चोट लगी थी। आस्ट्रेलियाई कोच टिम नील्सन ने कहा, हेनरिक्स के दाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया है और वह पांचवें वनडे मैच में नहीं खेलेंगे। यह आदर्श टीम है। हमने पहले जेम्स होप्स को छठे और मोइसेस को सातवें नंबर पर उतारने का फैसला किया था। ये खिलाड़ी अब हमारे पास नहीं हैं। इससे गेंदबाजी में भी बदलाव करने होंगे और बल्लेबाजी क्रम में भी। यह आसान नहीं है।

    इसके साथ आस्ट्रेलियाई टीम के चोटिल खिलाडि़यों की संख्या पांच हो गई है। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पैनी, हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स होप्स, तेज गेंदबाज ब्रेट ली और पीटर सिडल को अलग-अलग तरह की चोटों के कारण स्वदेश लौटाया जा चुका है। इस बीच सीए ने खबर दी है कि ब्रेट ली का स्थान लेने के लिए विक्टोरिया के गेंदबाज क्लिंटन मैक्के अपनी टीम के साथ जुड़ गए हैं। हेनरिक्स के चोटिल होने के बाद मैक्के का हैदराबाद में खेलना तय माना जा रहा है।

    कोच नील्सन ने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे पास पांच गेंदबाज और एक अतिरिक्त गेंदबाज रहे। हमें अब कुछ नए फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा, सबसे कठिन चुनौती खिलाडि़यों का बार-बार चोटिल होना रहा है। इससे हर मैच में टीम में काफी बदलाव करने पड़ रहे हैं। मैं खिलाडि़यों के प्रदर्शन से खुश हूं। युवा खिलाडि़यों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। खिलाडि़यों की चोट के लिए नील्सन ने व्यस्त कैलेंडर को कसूरवार ठहराने से इनकार करते हुए कहा, दुनिया भर में ऐसा ही है। आईपीएल और चैंपियंस लीग जैसे टूर्नामेंटों से कार्यक्रम और व्यस्त हो जाता है लेकिन हम संतुलन बनाने में कामयाब रहे हैं। खिलाडि़यों की चोट से आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई और नील्सन ने इसे बखूबी निभाने के लिए उनकी तारीफ की।

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(14) वोट का औसत

average:4.071428
Saving...