कर्नाटक की यूपी पर जीत में चमके अभिमन्यु   
 
 

मेरठ। अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे मध्यम गति के गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन के 11 विकेट की बदौलत राहुल द्रविड़ की अगुवाई वाली कर्नाटक ने शुक्रवार को रणजी ट्राफी सुपर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप-बी मैच में अंतिम दिन उत्तर प्रदेश को 185 रन से शिकस्त देकर पांच अंक हासिल किए।

    कर्नाटक ने कल दूसरी पारी पांच विकेट पर 311 रन पर घोषित कर उत्तर प्रदेश को जीत के लिए 438 रन का पहाड़ सा लक्ष्य दिया। अभिमन्यु मिथुन ने 19 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जिससे मोहम्मद कैफ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश 66.2 ओवर में 252 रन पर सिमट गई। कर्नाटक ने पहली पारी में 405 और उत्तर प्रदेश ने 279 रन बनाए थे। सुनील जोशी ने दो जबकि आर विनय कुमार, अमित वर्मा और उदित पटेल ने एक-एक विकेट हासिल किया। अभिनन्यु मिथुन ने पहली पारी में भी छह विकेट हासिल किए थे, जिससे इस मैच में उनके कुल विकेट 11 हो गए।

    उत्तर प्रदेश टीम ने एक विकेट पर 29 रन से खेलना शुरू किया। शिवकांत शुक्ला रात के 10 और रविकांत शुक्ला सात रन बनाकर क्रीज पर थे। शुक्ला एक भी रन नहीं जोड़ सके और पवेलियन लौट गए जबकि रविकांत शुक्ला ने 35 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार ने 63 और कैफ ने 54 रन की पारी खेली, लेकिन लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा, जिससे टीम विशाल स्कोर के सामने ढह गई।

    गुजरात की उड़ीसा पर बड़ी जीत

    अहमदाबाद। मेहुल पटेल और सलिल यादव की शानदार गेंदबाजी से गुजरात ने उड़ीसा को 220 रन पर समेटकर सुपर लीग में 159 रन की बड़ी जीत दर्ज की। उड़ीसा के सामने 380 रन का लक्ष्य था लेकिन शीर्ष क्रम लड़खड़ाने से उसकी हार निश्चित लगने लगी। एक समय उसका स्कोर छह विकेट पर 89 रन था लेकिन राकेश मोहंती [नाबाद 71] और शुभ्राजीत साहू [39] ने सातवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करके गुजरात की जीत का इंतजार बढ़ा दिया।

    मेहुल पटेल ने शीर्ष क्रम को झकझोरने में अहम भूमिका निभाई तथा 21 रन देकर तीन विकेट लिए। इनमें प्रवंजन मल्लिक का विकेट भी शामिल है जिन्होंने छठे विकेट के रूप में पवेलियन लौटने से पहले 40 रन बनाए। यादव ने निचले क्रम को समेटा तथा 52 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इन दोनों के अलावा रुजुल भट ने दो विकेट लिए। गुजरात को इस जीत से पांच अंक मिले। गुजरात ने अपनी पहली पारी में 270 रन बनाए जबकि दूसरी पारी छह विकेट पर 301 रन बनाकर समाप्त घोषित की। उड़ीसा अपनी पहली पारी में 192 रन ही बना पाया था।

    वडोदरा से ड्रा मैच में दिल्ली को तीन अंक

    वडोदरा। गत चैंपियन दिल्ली और वडोदरा के बीच सुपर लीग मैच ड्रा रहा जिसमें दिल्ली के पहली पारी के 591 रन के जवाब में मेजबान ने फालोआन खेलते हुए दूसरी पारी में चार विकेट पर 233 रन बना लिए थे। वडोदरा ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे। दिल्ली को पहली पारी की बढ़त के आधार पर मैच से तीन अंक मिले जबकि मेजबान को एक अंक से ही संतोष करना पड़ा। वडोदरा ने अपने कल के स्कोर आठ विकेट पर 319 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी 326 रन पर समाप्त की।

    फालोआन खेलते हुए उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और आठवें ओवर में कप्तान कोनोर विलियम्स पवेलियन लौट गए जब स्कोर 12 रन ही था। इसके बाद हालांकि सत्यजीत परब और अजहर बिलाखिया ने 70 रन जोड़कर मैच का रूख ड्रा की ओर कर दिया। बिलाखिया ने 140 गेंद में 91 रन बनाए जिसमें 10 चौके शामिल हैं जबकि परब 39 रन बनाकर आउट हुए। राकेश सोलंकी ने भी 69 रन की उम्दा पारी खेली। दिल्ली के लिए प्रदीप सांगवान ने दो विकेट चटकाए। मैच का आकर्षण पहली पारी में दिल्ली के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की 224 रन की पारी रही जिन्होंने 413 गेंद और 638 मिनट की पारी में 23 चौके और दो छक्के लगाए थे।

    पंकज को सात विकेट, राजस्थान जीता

    गुवाहाटी। मध्यम गति के गेंदबाज पंकज सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी से राजस्थान ने प्लेट ग्रुप मैच में असम को 95 रन से हराकर पूरे पांच अंक हासिल किए। असम के सामने जीत के लिए 296 रन का लक्ष्य था लेकिन पंकज ने 64 रन के एवज में सात विकेट लेकर उसकी पूरी टीम को 200 रन पर समेट दिया।

    पंकज के सामने असम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर अधिक समय नहीं बिता पाया। असम की तरफ से परवेज अजीज ने सर्वाधिक 45 रन जबकि कुणाल सैकिया ने 36 रन बनाए। कप्तान अमोल मजूमदार अपनी 25 रन की पारी के दौरान रणजी ट्राफी में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने लेकिन उनकी यह पारी टीम की हार नहीं टाल पाई।

    तमिलनाडु ने बढ़त बना तीन अंक जुटाए

    नई दिल्ली। तमिलनाडु ने निचले क्रम के बल्लेबाज सी गणपति की साहसिक पारी से रेलवे के खिलाफ ड्रा समाप्त हुए सुपर लीग ग्रुप-ए मैच में पहली पारी में बढ़त लेकर तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। रेलवे ने अपनी पहली पारी में 327 रन बनाए थे जबकि तमिलनाडु ने आज अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 312 रन से आगे बढ़ाई। मैच का ड्रा होना तय था और ऐसे में दोनों टीमों ने अपनी पूरी ताकत पहली पारी में बढ़त हासिल करने पर लगा दी।

    गणपति ने हालांकि एक छोर संभाले रखा और 32 रन की पारी खेलकर तमिलनाडु का स्कोर 337 रन तक पहुंचाया। रेलवे के कप्तान मुरली कार्तिक ने जब उन्हें बोल्ड किया तब तक तमिलनाडु पहली पारी में बढ़त बनाकर अपने तीन अंक सुरक्षित कर चुका था। असम ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 178 रन बनाए। मैच समाप्त होने चेलुराज ने नाबाद 61 और टीपी सिंह ने नाबाद 63 रन बनाए जबकि पहली पारी में शतक जमाने वाले संजय बांगड़ 39 रन बनाकर आउट हुए।

    मुंबई-पंजाब रणजी मैच ड्रा

    चंडीगढ़। रवि इंदर सिंह [58] और उदय कौल [62] के बीच दूसरे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी की बदौलत पंजाब ने मुंबई के खिलाफ रणजी ट्राफी सुपर लीग मैच ड्रा करा लिया। खेल समाप्त होने पर पंजाब ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 311 रन बना लिए थे। पंकज धरमाणी ने 46 और गौरव गंभीर ने 50 रन की नाबाद पारी खेली। मुंबई को ड्रा मैच से तीन और पंजाब को एक अंक मिला।

    पंजाब के पहली पारी के 259 रन के जवाब में मुंबई ने पहली पारी नौ विकेट पर 471 रन के स्कोर पर घोषित करके 212 रन की बढत ले ली थी। जवाब में पंजाब के रवि इंदर सिंह ने 58 रन बनाए। धवल कुलकर्णी की गेंद पर विकेट के पीछे विनय सामंत ने उनका कैच लपका। दूसरी ओर कौल ने 150 गेंद में 62 रन बनाए जिसमें 12 चौके शामिल है। रोहित शर्मा की गेंद पर ओ खानविलकर ने उनका कैच लपका। मुंबई के लिए जहीर खान ने तीन और अभिषेक नायर ने दो विकेट लपके।

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:4
Saving...