कंगारुओं ने वनडे सीरीज पर किया कब्जा   
 
 

गुवाहाटी। आस्ट्रेलियाई गेंदबाज डग बोलिंगर [35/5] और मिशेल जॉनसन [39/3] के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने संयम से खेलते हुए सात एक दिवसीय मैचों की सीरीज के छठे मुकाबले को छह विकेट से जीतते हुए सीरीज अपने नाम की। हालांकि अभी आखिरी मैच बचा है लेकिन उसके परिणाम का सीरीज पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। मेहमानों ने भारत द्वारा दिए गए 170 रन के मामूली से लक्ष्य को 41.5 ओवर में चार विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।

    मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरे आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने संयम के साथ खेलते हुए टर्न लेती हुई पिच पर बिना कोई गलती के साथ खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि शेन मार्श छह रन बनाकर मुनफ की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए लेकिन वॉटसन दूसरे छोर पर डटे रहे और उन्होंने पोंटिंग के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेल दिया। यह साझेदारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और हरभजन ने दोनों खिलाडि़यों को अपनी फिरकी में फंसा पवेलियन भेजा। भज्जी ने वॉटसन को 49 रन के निजी स्कोर पर सहवाग जबकि पोंटिंग [25] को रैना के हाथों लपकवाया।

    हालांकि स्कोर छोटा होने के कारण कंगारुओं पर कोई दबाव भी नहीं था और फार्म में चल रहे माइक हसी ने कैमरून व्हाइट के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 53 रन जोड़ते हुए अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। इसी बीच धौनी ने सुरेश रैना को गेंद थमाई जिन्होंने व्हाइट को एलबीडब्ल्यू आउट करते हुए इस साझेदारी को तोड़ा। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वोग्स ने सचिन के ओवर में लगातार दो चौके जड़ते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। भारत की तरफ से हरभजन सिंह ने दो जबकि रैना और मुनफ ने एक-एक विकेट हासिल किया।

    इससे पहले डग बोलिंजर और मिशेल जॉनसन की तूफानी गेंदबाजी के बीच रविंद्र जडेजा और प्रवीण कुमार के जुझारू अर्धशतकों के बावजूद भारत 170 रन पर सिमट गया। बोलिंजर और जॉनसन ने सुबह जल्दी शुरू हुए मैच में गेंदबाजों के अनुकूल हालातों का पूरा फायदा उठाते हुए भारतीय बल्लेबाजी को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया और पूरी टीम 48 ओवर में ढेर हो गई। बोलिंजर तो पूरी पारी के दौरान बल्लेबाजों के लिए पहेली बने रहे और उन्होंने 35 रन देकर पांच विकेट चटकाए जबकि जॉनसन ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 39 रन पर तीन खिलाडि़यों को पवेलियन भेजा।

    भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया जिसके बाद सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने मैच और जॉनसन के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपने तेवर दिखा दिए लेकिन आस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने जल्द ही पिच से मिल रही स्विंग को पढ़ते हुए इसी ओवर की चौथी गेंद पर सहवाग और फिर आखिरी गेंद पर गौतम गंभीर को बोल्ड करते हुए मैच का रुख अपनी तरफ पलट दिया। पिछले मैच में शानदार पारी खेलने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन [10] भी डग बोलिंगर की गेंद पर उन्हें ही कैच देकर चलते बने।

    जल्द ही मिले झटकों से संकट में फंसी टीम को उबारने की पूरी जिम्मेदारी अब युवराज सिंह और धौनी के कंधों पर थी लेकिन युवराज बोलिंगर की एक गेंद को रोकने के चक्कर में उसे खुद ही अपने बल्ले से स्टंप्स में मार बैठे। पिछले मैच में अर्धशतक जड़ने वाले सुरेश रैना भी जॉनसन के जाल में फंस गए और बिना खाता खोले नाथन हौरिट्ज को कैच देकर चलते बने। बैकफुट पर आई टीम की आखिरी आस अब कप्तान से थी। धौनी ने रविंदर जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 48 रन तो की लेकिन वह भी बोलिंगर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। बोलिंगर ने इसी ओवर में हरभजन को बोल्ड करके भारतीय उम्मीदों पर पूरी तरह से पानी फेर दिया।

    टीम में आलराउंडर के भूमिका निभा रहे जडेजा ने धीमी गति के साथ स्कोर को चलायमान रखते हुए 96 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने प्रवीण के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। पोंटिंग ने इस साझेदारी को तोड़ने के लिए बोलिंगर को गेंद सौंपी जिन्होंने जडेजा को व्हाइट के हाथों कैच कराकर इसका अंत किया। इसी बीच प्रवीण कुमार ने भी तेजी से खेलते हुए 48 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का जड़ते हुए अपना पचाया ठोका। उनका साथ देने आए नेहरा और मुनफ को वॉटसन ने बोल्ड कर भारतीय पारी का अंत किया।

    स्कोर बोर्ड

    भारत 48 ओवर में सभी विकेट खोकर 170 रन

    सहवाग बो जॉनसन 6

    सचिन का एंड बो बोलिंगर 10

    गंभीर बो जॉनसन 0

    युवराज बो बोलिंगर 6

    धौनी एबलबीडब्ल्यू बो 24

    रैना का हौट्जि बो जॉनसन 0

    जडेजा का व्हाइट बो बोलिंगर 57

    हरभजन बो बोलिंगर 0

    प्रवीण नाबाद 54

    नेहरा बो वॉटसन 4

    मुनफ बो वॉटसन 0

    अतिरिक्त: 9

    विकेट पतन: 1-7, 2-7, 3-23, 4-24, 5-27, 6-75, 7-75, 8-149, 9-170।

    गेंदबाजी

    जॉनसन 7-1-39-3

    बोलिंगर 10-4-35-5

    मैकाय 10-1-44-0

    हौरिट्ज 9-2-19-0

    वॉटसन 8-0-27-2

    वोग्स 2-0-4-0

    आस्ट्रेलिया 41.5 ओवर में चार विकेट खोकर 172 रन

    वॉटसन का सहवाग बो हरभजन 49

    मार्श एलबीडब्ल्यू बो मुनफ 6

    पोंटिंग का रैना बो हरभजन 25

    व्हाइट एलबीडब्ल्यू बो रैना 25

    हसी नाबाद 35

    वोग्स नाबाद 23

    अतिरिक्त: 9

    विकेट पतन: 1-24, 2-85, 3-90, 4-143।

    गेंदबाजी

    प्रवीण 2-0-10-0

    नेहरा 3-0-21-0

    मुनफ 4-1-13-1

    जडेजा 10-1-36-0

    हरभजन 10-1-23-2

    युवराज 7-1-29-0

    रैना 3-0-13-1

    सहवाग 2-0-8-0

    सचिन 0.5-0-11-0

ईमेल करें   मैसेंजर के द्वारा भेजें   प्रिंट संस्‍करण  
लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(9) वोट का औसत

average:4.888888
Saving...