नॉटिंघम। एलेक्स हाल्स भले ही महज एक रन से ट्वंटी-20 प्रारूप में इंग्लैंड की ओर से पहला शतक बनाने से चूक गए, लेकिन उनकी 68 गेंदों पर 99 रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत टीम ने वेस्टइंडीज को एकमात्र टी-20 मैच में सात विकेट से मात दी।
मेहमान टीम वेस्टइंडीज द्वारा जीत के लिए दिए गए 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हाल्स ने रवि बोपारा [59] के साथ मिलते हुए 159 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की और इंग्लैंड ने दो गेंद शेष रहते इस प्रारूप में अपने उच्चतम लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया। हाल्स को रवि रामपाल ने बोल्ड कर शतक से वंचित कर दिया। इंग्लैंड की ओर से इससे पहले टी-20 में उच्चतम स्कोर का रिकॉर्ड इयोन मोर्गन [85 बनाम दक्षिण अफ्रीका] के नाम दर्ज था।
इससे पूर्व कैरेबियाई टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ के ताबड़तोड़ 70 रन और डेरेन ब्रावो के नाबाद 54 रन की मदद से चार विकेट के नुकसान पर चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। विध्वंसक क्रिस गेल कुछ खास नहीं कर पाए और मात्र दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कीरोन पोलार्ड ने 23 रन की तेज पारी खेली।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।