मुंबई। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आइपीएल मैच में डेक्कन चार्जर्स की अगुआई करने वाले हरफनमौला कैमरून व्हाइट ने कहा है कि नियमित कप्तान कुमार संगकारा का अंतिम एकादश से खुद को बाहर करके उन्हें कप्तानी सौपने का फैसला उनके निस्वार्थ भाव का परिचायक है।
व्हाइट ने मैच के बाद कहा कि कोच डेरेन लीमैन और कुमार बात कर रहे थे कि इस विकेट पर सर्वश्रेष्ठ टीम क्या होगी। कुमार ने निस्वार्थ होकर खुद को बाहर करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि ऐसा बहुत कम ही होता है कि एक नियमित कप्तान खुद बाहर बैठने का फैसला ले। व्हाइट ने कहा कि चार्जर्स को मुंबई ने हर विभाग में उन्नीस साबित किया। पांच विकेट से मिली हार के बाद उन्होंने कहा कि कुमार शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन डेरेन और कुमार ने यह फैसला किया था।
कप्तान बदलने की घटना बहुत कम देखने को मिलती है। दुर्भाग्य की बात यह है कि हम यह मैच भी नहीं जीत सके। उन्होंने कहा कि वानखेड़े की यह विकेट टी-20 के लायक नहीं थी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि दोनों टीमों ने आखिर इसी विकेट पर खेला है।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।