वापस

कड़ी मेहनत के लिए प्रतिबद्ध हैं अवाना

कड़ी मेहनत के लिए प्रतिबद्ध हैं अवाना

नई दिल्ली। तेज गेंदबाज परविंदर अवाना स्वीकार करते हैं कि अपने पांच साल के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा और अब वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारत ए टीम में नहीं चुने जाने के बाद उनकी कड़ी मेहनत करने की प्रतिबद्धता बढ़ी है।

अवाना ने कहा कि निश्चित तौर पर यदि आप घरेलू मैचों में 57 विकेट लेते हो तो आपको टीम में चयन की उम्मीद रहती है। शुरू में मैं आहत हुआ, लेकिन इस बार चयन नहीं होने से मैं अगले घरेलू सत्र में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अधिक प्रतिबद्ध हो गया हूं। उन्होंने कहा कि टीम का चयन होने के बाद मैंने किसी से बात नहीं की। मैंने केवल अपने करीबी लोगों से बात की और उन्हें बताया कि मुझे नहीं चुना गया है। अब तक 32 मैच में 110 विकेट लेने वाले नोएडा के इस तेज गेंदबाज ने कहा कि उनके लिए संघर्ष करना नया नहीं है।

अवाना ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में कुछ भी आसानी से हासिल नहीं किया। यहां तक कि जब मैं दिल्ली के लिए खेला तो मैंने अपना प्रत्येक मैच आखिरी मौके की तरह लिया। मैं इस तरह की परिस्थितियों से गुजरा हूं कि मैंने दरकिनार किए जाने को आगे बढ़ने का जरिया बनाना सीख लिया है। आप अपनी कड़ी मेहनत करना बंद नहीं करते क्योंकि आपको दरकिनार कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि आईपीएल में प्रत्येक मेरे प्रदर्शन को देख रहा है। एडम गिलक्रिस्ट, डेविड हसी जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने मेरे प्रदर्शन की प्रशंसा की और यह मनोबल बढ़ाने के लिए अपने आप में काफी है। अवाना ने आईपीएल में अब तक पांच मैच में नौ विकेट लिए हैं। किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने उन्हें शामिल किए जाने अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि एक मैच में मैंने 147 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की। मैं लगातार लगभग 140 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहा हूं जिसका मतलब है कि मेरी लय अच्छी है। गिली ने मुझसे कहा कि मैं इसलिए खेल रहा हूं क्योंकि मैं टीम में जगह का हकदार हूं। यहां तक कि डेविड का रवैया भी बहुत सहयोगी रहा और वह लगातार मेरा हौसला बढ़ाते हैं। अवाना ने एक मैच में खतरनाक क्रिस गेल को आउट किया, लेकिन उन्हें रोहित शर्मा का विकेट अधिक संतोष मिला।

उन्होंने कहा कि यदि हमने मैच जीत लिया होता तो क्रिस गेल का विकेट अधिक कीमती होता। मैंने गेल को आउट करने से पहले उस ओवर में 17 रन दिए थे। यदि मैंने आठ से कम रन दिए होते तो हम मैच जीत जाते, लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोहित को आउट करना अधिक संतोषजनक रहा। मेरी रणनीति कारगर साबित हुआ और मैं उस जैसे ट्वेंटी- 20 के खतरनाक खिलाड़ी को जल्दी आउट करने में सफल रहा।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।