हैदराबाद। डेक्कन चार्जर्स के हाथों नौ रन की शिकस्त के साथ आईपीएल प्ले आफ की दौड़ से बाहर होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली ने कहा कि उनके बल्लेबाजों को इस अहम मुकाबले में बेहतर शाट खेलने की जरूरत थी।
डेक्कन चार्जर्स को सात विकेट पर 132 रन पर रोकने के बाद बेंगलूर की टीम नौ रन से पीछे रह गई। कोहली ने स्वीकार किया कि अहम मौके पर उनके विकेट गंवाने के कारण टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई। कोहली ने मैच के बाद कहा, हम बेहतर शाट खेल सकते थे। उस विकेट पर हमने सही शाट नहीं खेले। हमें जमने के बाद फायदा उठाना चाहिए था। मेरे विकेट ने संभवत: मैच का रुख बदल दिया। हमें उस समय 24 गेंद पर 30 रन की जरूरत थी। उन्होंने कहा, हमें अपनी गलतियों से सीखने और अगले साल मजबूत वापसी करने की जरूरत है। विकेट बल्लेबाजी के लिए इतना खराब नहीं था। विकेट दोहरी गति वाला था लेकिन शाट को लेकर आपको अपने दिमाग में स्पष्ट होने की जरूरत थी।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।