वापस

किंग्स ने किया रॉयल्स को ढेर

किंग्स ने किया रॉयल्स को ढेर

जयपुर। शानदार गेंदबाजी के बाद श्रीकांत अनिरुद्ध [नाबाद 18] और एल्बी मोर्केल [नाबाद 18] की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-5 के 56वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही चेन्नई अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई।

चेन्नई के सामने 127 रनों का मामूली लक्ष्य था जिसने उसने छह विकेट गंवाकर 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। राजस्थान की तरफ से पंकज और त्रिवेदी ने दो विकेट लिए। चेन्नई की तरफ से सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 23 रन बनाए। इससे पहले बेन हिल्फेनहास और यो महेश की शानदार गेंदबाजी से चेन्नई ने राजस्थान को छह विकेट पर 126 रन ही बनाने दिए। बारिश के कारण बीच में तीन बार खेल रोकना पड़ा जिससे लगभग एक घंटे का खेल बर्बाद हुआ लेकिन ओवर कम नहीं किए गए। परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नहीं थी और ऐसे में राजस्थान ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। ब्रैड हाज [28 गेंद पर 33] और स्टुअर्ट बिन्नी [18 गेंद पर 27 रन] ही कुछ बड़े शाट खेलने में कामयाब रहे।

हिल्फेनहास चार दिन पहले तीन गेंद पर 14 रन देकर खलनायक बन गए थे लेकिन आज उन्होंने लगातार चार ओवर किए और इनमें आठ रन देकर दो विकेट लिए। महेश ने भी 21 रन देकर दो विकेट हासिल किए। बारिश के बावजूद टास करवाया गया और महेंद्र सिंह धौनी ने राजस्थान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अभी केवल एक गेंद पड़ी थी कि बारिश आ गई जिसके कारण लगभग 45 मिनट का खेल खराब हुआ। राहुल द्रविड़ [नौ गेंद पर चार रन] ने एल्बी मोर्कल पर चौका जड़कर खाता खोला लेकिन राजस्थान के कप्तान ने हिल्फेनहास के अगले ओवर में खराब शाट खेलकर अपना विकेट इनाम में दिया।

बारिश के एक और व्यवधान के बाद जब फिर खेल शुरू हुआ तो हिल्फेनहास ने हमवतन आस्ट्रेलियाई शेन वाटसन [11 गेंद पर पांच रन] को थर्ड मैन पर कैच करवा दिया। आजिंक्य रहाणे [22 गेंद पर 17 रन] को भी 14 रन के निजी योग पर जीवनदान मिला। वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और यो महेश की गेंद पर लंबा शाट खेलने के प्रयास में मिड आन पर अश्विन को आसान कैच दे बैठे। बारिश के खेल के बीच राजस्थान ने दसवें ओवर में 50 रन की संख्या पार की। इस ओवर में बिन्नी ने ड्वेन ब्रावो पर दो चौके और लांग आफ पर छक्का लगाया।

महेश ने हालांकि अगले ओवर में बिन्नी के तेवरों को ठंडा कर दिया जिन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद अगले सात ओवर तक केवल एक बार गेंद सीमा रेखा पार गई। जोहान बोथा [20 गेंद पर 12] ऐसे में लंबा शाट खेलने के प्रयास में चूक गए और रवींद्र जडेजा की गेंद पर बोल्ड हो गए। हाज भी अश्विन पर छक्का जड़ने के बाद अगली गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। दिशांत यागनिक [सात गेंद पर दस रन] ने आखिरी ओवर में ब्रावो पर दो चौके लगाए।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।