वापस

सुपर चेन्नई ने चार्जर्स को फिर किया फुस्स

सुपर चेन्नई ने चार्जर्स को फिर किया फुस्स

चेन्नई। गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास के दम पर गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-पांच के 46वें मुकाबले में कैमरून व्हाइट [77] के साहसिक प्रयास के बावजूद डेक्कन चार्जर्स को न सिर्फ 10 रनों से हराया बल्कि एक बार फिर अंक तालिका में शीर्ष चार में अपनी जगह बनाने में सफल रहा।

एम ए चिदंबरम स्टेडियम में पहले खेलते हुए सलामी बल्लेबाज फैफ डु प्लेसिस [42] और सुरेश रैना [32] के अलावा कप्तान महेंद्र सिंह धौनी [34] के योगदान से चेन्नई 20 ओवर में छह विकेट पर 160 रन बनाने में सफल रहा। डेक्कन के लिए वीर प्रताप सिंह ने 35 रन देकर दो विकेट चटकाए। जवाब में व्हाइट के जोरदार प्रयास के बावजूद लक्ष्य से 10 रन दूर रह गए और 20 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन ही बना सके। व्हाइट ने टूर्नामेंट में अपना तीसरा पचासा जमाते हुए 53 गेंदों में नौ चौका व दो छक्के भी लगाए। चेन्नई की तरफ से एल्बी मोर्कल, रैना और आईपीएल में अपना पहला मैच खेलने वाले बेन हिलफेनहास ने एक-एक विकेट झटके। धौनी ने अपने मैदान पर 12वीं बार टास जीता और पहली बार बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इससे पूर्व दोनों के बीच हुए मुकाबले में चेन्नई ने 74 रनों से हराया था।

दो बार की चैंपियन चेन्नई टीम ने 11 मुकाबलों से 11 अंक जुटा लिए हैं और वह अंक तालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई है। धौनी की टीम को पांच मैचों में जीत व पांच में ही हार मिली है। जबकि उसका एक मुकाबला बारिश के कारण रद हो गया था। वहीं टूर्नामेंट में बेहद खराब शुरुआत करने वाले डेक्कन के 10 मैचों से दो जीत है जबकि आठ में हार मिली है। चेन्नई की तरह डेक्कन का भी एक मुकाबला बारिश के कारण रद कर दिया गया था।

चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरे डेक्कन को दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर पार्थिव पटेल [1] बोल्ड हो गए। एल्बी मोर्कल ने उन्हें आउट किया। हालांकि इस झटके के बाद शिखर धवन और व्हाइट ने दूसरे विकेट के लिए नौ ओवर में 69 रनों की उपयोगी साझेदारी की। दोनों बल्लेबाज आराम से रन बना रहे थे कि धवन 11वें ओवर में एक रन चुराने के प्रयास में ब्रावो के सटीक थ्रो से रन आउट हो गए। धवन ने 29 गेंदों में तीन चौके की मदद से 36 रन बनाए। इसके बाद व्हाइट का साथ देने कप्तान कुमार संगकारा आए लेकिन उन्होंने पांच गेंदों में अभी एक रन ही बनाए थे कि सुरेश रैना ने शानदार प्रयास करते हुए उन्हें काटएंडबोल्ड कर दिया। दूसरी तरफ फार्म में लौट चुके व्हाइट ने आज भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में अपना तीसरा पचासा जमाया। व्हाइट ने हमवतन बल्लेबाज डेनियल क्रिस्टियन [नाबाद 28] के साथ टीम को लक्ष्य के पास पहुंचाने की हरसंभव कोशिश की। लेकिन अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। डेक्कन की उम्मीद उस समय धूमिल हो गई जब व्हाइट 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज मुरली विजय [14] ने टास जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की अच्छी शुरुआत कराई लेकिन तीसरे ओवर में वीर प्रताप की गेंद पर आउट हो गए। सुरेश रैना और डु प्लेसिस ने इस लय को जारी रखते हुए पहले छह ओवरों में 56 रन जोड़ लिए और पहले विकेट के लिए 44 गेंद में 64 रन की भागीदारी निभाई। रैना शुरू में खतरनाक दिख रहे थे, उन्होंने वीर के पांचवें ओवर में चौका जड़ने के बाद लगातर दो छक्के भी जमाए। इसी ओवर में अमित मिश्रा ने डु प्लेसिस का कैच छोड़ दिया, लेकिन चेन्नई के इस सलामी बल्लेबाज ने शानदार स्ट्रोक्स जमाए। मिश्रा ने हालांकि इस कैच को छोड़ने की भरपाई करते हुए 10वें ओवर में अभिषेक झुनझुनवाला की गेंद पर सीमारेखा पर रैना का कैच लपका। कप्तान धौनी और प्लेसिस ने 11.5 ओवर में टीम को 100 रन पूरे कराए। वीर ने 14वें ओवर में प्लेसिस के रूप में दूसरा शिकार किया। टीम ने 11.5 ओवर में दो विकेट पर 100 रन बना लिए थे लेकिन फिर चेन्नई सुपर किंग्स इस लय को जारी नहीं रख सकी और अंतिम पांच ओवरों में केवल 36 रन ही जुड़े। झुनझुनवाला ने अगले ही ओवर में एल्बी मोर्कल [13] का विकेट झटका। इसके बाद स्टेन और क्रिस्टियन ने अनुशासित गेंदबाजी से चेन्नई पर लगाम कस दी और चेन्नई के खिलाडि़यों को खुलने का मौका नहीं दिया। रविंदर जडेजा एक बार फिर अपनी ऊंची आईपीएल नीलामी का मूल्य साबित करने में असफल रहे, उन्हें आशीष रेड्डी ने धीमी गेंद पर आउट किया। धौनी ने आशीष रेड्डी की गेंद चौका जमाकर रन गति बढ़ाने का प्रयास किया लेकिन वह 20वें ओवर में क्रिस्टियन की पहली गेंद पर बोल्ड हो गए। ड्वेन ब्रावो [10] ने चौथी गेंद पर छक्का लगाकर चेन्नई को 160 रन तक पहुंचाने में मदद की। वीर के अलावा झुनझुनवाला, आशीष रेड्डी और अमित मिश्रा ने एक-एक विकेट प्राप्त किए।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।