चेन्नई। राजस्थान रॉयल्स पर करीबी जीत से गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का मनोबल बढ़ा होगा, लेकिन टीम अब भी प्ले आफ में क्वालीफाई करने के लिए जूझ रही है। ऐसे में शनिवार को शीर्ष पर चल रहे दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मैच उसके लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।
दो बार की चैंपियन चेन्नई का जीत के बावजूद क्वालीफाई करना तय नहीं होगा, क्योंकि दिल्ली, केकेआर, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर और किंग्स इलेवन पंजाब ने उससे एक-एक मैच कम खेले हैं। दिल्ली ने पिछले मैच में चेन्नई को हराया था, लेकिन मेजबान टीम अपने घरेलू मैदान पर पासा पलटने की क्षमता रखती है। डेयरडेविल्स की जीत का श्रेय उसके खिलाडि़यों के प्रदर्शन में निरंतरता को जाता है। कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने मोर्चे से अगुवाई की है। पीटरसन के जाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई आक्रामक बल्लेबाज डेविड वार्नर ने टीम को मजबूती दी है।
पिछले मैच में नमन ओझा की शानदार पारी के बाद टीम और मजबूत हुई है। श्रीलंका के महेला जयवर्धने और न्यूजीलैंड के रॉस टेलर शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन टीम पर अभी तक इसका कोई असर नहीं हुआ है। मोर्ने मोर्केल, उमेश, आरोन और इरफान की मौजूदगी में गेंदबाजी विभाग ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। दिल्ली ने अब तक 12 मैच खेले हैं जिसमें से नौ में उसे जीत जबकि तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
वहीं चेन्नई की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए ज्यादातर जीत दर्ज की है और इस बार भी पहले क्षेत्ररक्षण ही करना चाहेगी। इस सत्र में चेन्नई का घरेलू मैदान पर रिकार्ड खराब रहा है, लेकिन डेक्कन के खिलाफ यहां खेले गए पिछले मैच में उसने अपने हार के सिलसिले को तोड़ा था और अब वह उसे कायम रखना चाहेगी। अब तक टीम के बल्लेबाजों की अपेक्षा गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद सहवाग को इस बात का एहसास होगा कि धौनी की टीम में कई अंतरराष्ट्रीय सितारे हैं, जो अपने दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं। चेन्नई ने अभी तक 13 मैच खेले हैं जिसमें से उसने छह मैचों में जीत दर्ज की जबकि छह में हार झेलनी पड़ी है, वहीं एक मुकाबला रद रहा।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।