वापस

10 जीत के साथ प्ले आफ में पहुंचे डेयरडेविल्स

10 जीत के साथ प्ले आफ में पहुंचे डेयरडेविल्स

नई दिल्ली। अनुभवी बल्लेबाज महेला जयवर्धने [नाबाद 56] की खेली गई साहसिक पारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने आईपीएल-पांच के 64वें मुकाबले में एक ओवर शेष रहते किंग्स इलेवन पंजाब को हराकर प्ले आफ में प्रवेश कर लिया। जबकि पंजाब की प्ले आफ में पहुंचने की आस धूमिल हो गई है।

फिरोजशाह कोटला में खेले गए मुकाबले में तेज गेंदबाजों उमेश यादव [3/21] व वरुण आरोन [2/19] के नियमित अंतराल पर विकेट झटकने के कारण पंजाब 20 ओवर में आठ विकेट पर 136 रन बनाने में सफल रहा। पंजाब के लिए कप्तान डेविड हसी ने सर्वाधिक 40 रनों [35 गेंद, 5 चौका व 1 छक्का] की नाबाद पारी खेली। जवाब में परविंदर अवाना [3/22] के जोरदार झटकों से उबरते हुए दिल्ली ने 19 ओवर में पांच विकेट खोकर 140 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली के लिए जयवर्धने ने 49 गेंदों में आठ चौके के साथ 56 रनों की अविजित पारी खेली। दिल्ली डेयरडेविल्स ने 14 में से 10 मैच [20 अंक] जीतकर पहले स्थान पर अपना कब्जा बरकरार कर रखा है। जबकि पंजाब इतने ही मैचों से सात मैच [14 अंक] जीतकर सातवें पायदान पर बना हुआ है। इस हार के साथ ही उसकी प्ले आफ में पहुंचने की उम्मीद बहुत कम हो गई है और उसे दूसरी टीमों के परिणामों पर इंतजार करना होगा।

अपेक्षाकृत आसान लक्ष्य के जवाब में डेविड वार्नर और कप्तान वीरेंद्र सहवाग [8] ने शुरुआत धमाकेदार अंदाज में करते हुए पहले ओवर में चौका व छक्का जड़ दिया। अगले ओवर में वार्नर ने दो और चौका जड़ा। ऐसा लगा कि दोनों एक बार फिर टीम को आसान जीत दिला देंगे तभी तीसरे ओवर की पहली गेंद पर प्रवीण कुमार ने वार्नर को कैच आउट करा दिया। वार्नर ने आठ गेंदों में महज 14 रन बनाए। इसी ओवर में सहवाग को जीवनदान मिली लेकिन वो इसका ज्यादा फायदा नहीं उठा सके और अगले ओवर में अवाना ने सहवाग [8] को बोल्ड कर दिल्ली को जोरदार झटका दे दिया। टूर्नामेंट में जोरदार गेंदबाजी कर सुर्खियां बटोरने वाले अवाना ने अपने दूसरे ओवर में वेणुगोपाल राव [7] और रास टेलर [0] को तीन गेंदों के अंदर पवेलियन भेज कर पंजाब का शिकंजा मैच पर कस दिया। इसके बाद नमन ओझा ने अनुभवी बल्लेबाज महेला जयवर्धने के साथ बेहतरीन साझेदारी कर दिल्ली पर आए संकट को टाल दिया। ओझा ने 11वें ओवर में पीयूष चावला की गेंद पर लगातार दो छक्का जमाया। ओझा की शानदार बल्लेबाजी का अंत 14वें ओवर में हुआ जब वह चावला की गेंद पर मंदीप सिंह को कैच थमा बैठे। ओझा ने 29 गेंदों में 34 रनों [3 चौका व 2 छक्का] का योगदान दिया। एक छोर पर टिककर खेल रहे जयवर्धने का साथ देने इरफान पठान आए और दोनों ने तेजी से खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। तीन ओवर में महज सात रन देने वाले अवाना के अंतिम ओवर में इरफान [नाबाद 19 रन, 10 3 चौका] ने तीन चौके के साथ 15 रन बटोर लिए। जयवर्धने ने 19वें ओवर में अपना पचासा लगाते हुए टीम को शानदार जीत भी दिला दी।

इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद सलामी बल्लेबाजों मंदीप सिंह और शान मार्श ने पंजाब को तेज शुरुआत दिलाई। मार्श ने दूसरे ओवर में वेणुगोपाल राव की चार गेंदों पर तीन चौका जमाया। वरुण आरोन ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर मार्श को विकेटकीपर ओझा के हाथों कैच आउट कराकर पंजाब को पहला झटका दिया। मार्श ने 15 गेंदों पर 13 रन [3 चौका] बनाए। मंदीप ने भी पांचवें ओवर में मोर्ने मोर्कल की चार गेंदों में तीन चौका ठोका। आरोन ने ही अपने अगले ओवर में मंदीप की तेज पारी का अंत सहवाग के हाथों कैच आउट कराकर किया। मंदीप ने 12 गेंदों में 21 रन [5 चौका] बनाए। पंजाब को तीसरा झटका भी जल्द लगा जब नितिन सैनी [15] उमेश यादव की गेंद पर स्लिप में खड़े सहवाग को कैच थमा बैठे। आरोन और यादव पंजाब के बल्लेबाजों पर जोरदार अंकुश लगाने में कामयाब रहे जिससे 15 ओवर में सौ रनों का आंकड़ा नहीं छू सके। 10वें ओवर में डेविड मिलर मात्र चार रन बनाने के बाद रन आउट हो गए। पंजाब को लगातार झटके लगते रहे और 12वें ओवर में अजहर महमूद के रूप में टीम का पांचवां विकेट गिरा। उन्होंने सात गेंदों में नौ रन बनाए थे। पिछले मैच में टीम को रोमांचक जीत दिलाने वाले गुरकीरत सिंह ने आते ही 13वें ओवर में पवन नेगी की गेंद पर लगातार दो चौका जमाया पर अगली गेंद पर आगे बढ़कर मारने के प्रयास में चूक गए और नमन ओझा ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। 16वें ओवर में पंजाब ने सौ रन पार किया। दूसरी तरफ कप्तान डेविड हसी ने अपना विकेट बचाए रखा और एक छोर से कुछ अच्छे शाट लगाए। यादव ने 18वें ओवर में अपनी पहली गेंद पर पीयूष चावला [10] को कैच आउट कराकर अपनी तीसरी सफलता हासिल की।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।