किंग्सटन [सेंट विंसेंट]। लेफ्ट आर्म सीमर डिलन जॉनसन और कप्तान वीरस्वामी परमौल के अच्छे प्रदर्शन से वेस्टइंडीज-ए ने चार दिवसीय तीन मैचों की अनधिकृत सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में भारत-ए को 125 रनों से हराकर बराबरी कर ली। पहला टेस्ट भारत-ए ने जीता था।
220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत-ए के बल्लेबाज महज 94 रनों पर ही ढेर हो गए। जॉनसन ने 34 रन देकर छह और वीरस्वामी ने 22 रन देकर चार विकेट झटके। वीरस्वामी ने मैच में 80 रन देकर कुल नौ जबकि जॉनसन ने 62 रन की कीमत पर आठ विकेट झटके। कैरेबियाई गेंदबाजों का इतना दबदबा रहा कि चौथे और अंतिम दिन भारत-ए लंच से पहले सिमट गया। उसने अंतिम छह विकेट महज 37 रन जोड़कर गंवा दिए। भारत-ए ने चार विकेट 57 रन पर तीसरे दिन ही गंवा दिए थे। पिछली तीन पारियों में अर्धशतक जमाने वाले कप्तान चेतेश्वर पुजारा दूसरी पारी में महज एक रन ही बना सके। सिर्फ तीन भारतीय बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। मनोज तिवारी ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। जबकि रोहित शर्मा ने 13 और 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए पुछल्ले बल्लेबाज अशोक डिंडा 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
संक्षिप्त स्कोर- वेस्टइंडीज-ए : 217 और 204 रन। भारत-ए : 202 और 94 रन।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।