वापस

कीनिया-पाक विश्व कप मैच में फिक्सिंग का शक

कीनिया-पाक विश्व कप मैच में फिक्सिंग का शक

नैरोबी। कीनिया का एक खिलाड़ी पिछले साल विश्व कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में फिक्सिंग के संदेह में जांच के दायरे में है। कीनियाई क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख ने यह जानकारी दी।

क्रिकेट कीनिया के निर्वतमान मुख्य कार्यकारी अधिकारी टाम सीयर्स ने कीनियाई खिलाड़ी का नाम नहीं बताया लेकिन उन्होंने कहा कि आईसीसी ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। विश्व कप का यह मैच श्रीलंका के हम्बनटोटा में खेला गया था। सीयर्स ने कहा, खेल में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार से निबटने के लिए हम आईसीसी की हर तरह से मदद करने को लेकर खुश हैं। यदि कुछ गलत पाया जाता है और किसी खिलाड़ी को इसमें शामिल पाया जाता है तो उसे उसी हिसाब से सजा दी जाएगी। कीनियाई खेल मंत्रालय इन आरोपों से अवगत है और उसने भी किसी तरह के भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए पूरा सहयोग देने को कहा है। पता चला है कि आईसीसी ने कीनियाई बोर्ड को उस खिलाड़ी को किसी तरह के आधिकारिक काम में शामिल नहीं करने की सलाह दी है। यह खिलाड़ी जो अभी कीनिया की वर्तमान टीम में शामिल नहीं है, को निलंबित नहीं किया गया है बल्कि उसकी जांच चल रही है। सीयर्स ने कहा कि आईसीसी ने फिक्सिंग के संदेह को लेकर पिछले साल क्रिकेट कीनिया से संपर्क किया था। आईसीसी प्रवक्ता ने हालांकि इस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक इकाई की गतिविधियों पर टिप्पणी नहीं करने की आम नीति है।

पाकिस्तान ने हम्बनटोटा में खेला गया यह मैच 205 रन से जीता था। उसने कीनिया की टीम को 112 रन पर ढेर कर दिया था। पाकिस्तानी पारी के दौरान कीनिया के गेंदबाजों ने 37 वाइड करके विश्व रिकार्ड की बराबरी की थी। कीनिया विश्व कप में एक मैच भी नहीं जीत पाया था और उसके प्रदर्शन की कड़ी आलोचना हुई थी। उसके कुछ सीनियर खिलाडि़यों को नया अनुबंध भी नहीं दिया गया था। आईसीसी को शुरू में कीनियाई खिलाड़ी के किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय मैच में संभावित भागीदारी को लेकर सचेत किया गया था। उसे एक अन्य खिलाड़ी ने रिपोर्ट दी थी कि अन्य पूर्णकालिक देशों के खिलाफ होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों में स्पाट फिक्सिंग के लिए कई तरफ से संपर्क किए जा रहे हैं। इसके बाद कीनिया और पाकिस्तान के बीच पिछले साल फरवरी में खेले गए विश्व कप मैच के संबंध में इसी खिलाड़ी के खिलाफ आरोप लगाए गए थे।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।