कोलकाता। कप्तान गौतम गंभीर [56] और ब्रैंडन मैक्कुलम [42] के बीच हुई रिकार्ड शतकीय साझेदारी के बाद तेज गेंदबाज मर्चेट डी लांगे [3/35] की झटकेदार गेंदबाजी के आगे पुणे वारियर्स के बल्लेबाज कमाल नहीं दिखा सके जिससे उसे आईपीएल-पांच के 47वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स के हाथों सात रन से हार का सामना करना पड़ा।
इडेन गार्डस में हुए मुकाबले में गंभीर ने 36 गेंदों में चार चौका व दो छक्के की मदद से 56 रनों की पारी और मैक्कुलम ने 43 गेंदों में पांच चौका व एक छक्का जमाया जिसकी मदद से कोलकाता 20 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन ही बना सका। जवाब में पुणे 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन ही बना सका। पुणे के लिए कप्तान गांगुली ने 35 गेंदों में 36 रन [4 चौका व 1 छक्का] बनाए। वहीं एंजेलो मैथ्यूज ने भी 35 रनों [27 गेंद, 3 छक्का] का योगदान दिया। प्रिंस आफ कोलकाता की टीम को आईपीएल में अपनी लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। पुणे की तरफ से एंजेलो मैथ्यूज और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो विकेट झटके। जबकि कोलकाता की तरफ से लांगे ने तीन विकेट झटके। टूर्नामेंट की अंक तालिका में कोलकाता 15 अंक लेकर दूसरे स्थान पर बना हुआ है। कोलकाता ने 11 में से सात मैच जीते और तीन में हारे हैं। जबकि एक मैच बारिश के कारण रद हुआ था। वहीं 12 में से आठ मैच हारने वाली सौरव गांगुली की टीम आठवें पायदान पर बनी हुई है।
जवाब में गांगुली की टीम को दूसरे ओवर से ही झटके लगने शुरू हो गए। अपना पहला मैच खेल रहे लांगे ने आस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क [1] को बोल्ड कर पुणे को पहला झटका दिया। इसके बाद लांगे ने अपने अगले ओवर में दूसरे ओपनर राबिन उथप्पा को भी लक्ष्मी रतन शुक्ला के हाथों कैच आउट कराकर दोहरी सफलता हासिल की। उथप्पा ने 14 गेंदों में दो चौके से 16 रन बनाए। गांगुली ने अपने बल्लेबाजी क्रम में काफी बदलाव किया और खुद क्रीज पर आने के बजाए अन्य बल्लेबाजों को भेजते रहे। लेकिन उनका यह दांव उल्टा पड़ता नजर आया जब मात्र 55 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। मनीष पांडे ने शुरू में दो चौके जमाए पर 15 गेंदों में 17 रन बनाने के बाद इकबाल अब्दुल्ला की गेंद पर दास को कैच थमा बैठे। आठवें ओवर में अनुभवी जैक्स कालिस ने पिछले मैच में अपना दमखम दिखाने वाले मिथुन मिन्हास [1] को कैच आउट कराकर पवेलियन की राह दिखा दी। पुणे को तगड़ा झटका तब लगा जब उसने विस्फोटक बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ [14 रन, 16 गेंद, 1 चौका] का विकेट खो दिया। सुनील नारायन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू होने वाले स्मिथ दुर्भाग्यशाली रहे क्योंकि जिस गेंद पर अंपायर ने एलबीडब्ल्यू करार दिया वह पहले उनके बल्ले से टकराई थी। पांच विकेट गिरने के बाद गांगुली क्रीज पर आए और 10वें ओवर में कालिस की गेंद पर लगातार दो चौके जमाकर अपना खाता खोला। गांगुली ने श्रीलंकाई क्रिकेटर मैथ्यूज के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 9.2 ओवर में 73 रनों की उपयोगी साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। गांगुली ने आज कप्तानी पारी खेली लेकिन 18वें ओवर में रजत भाटिया की गेंद पर अब्दुल्ला को कैच थमा बैठे। फिरकी गेंदबाज सुनील नारायन ने चार ओवर में एक मेडन समेत महज 13 रन देकर पुणे के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया। लांगे ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर मैथ्यूज को कैच आउट कराकर कोलकाता की जीत पर मुहर लगा दी।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद कप्तान गंभीर [56] और ब्रैंडन मैक्कुलम [42] ने टीम को आतिशी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर डाली। दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी कोलकाता टीम के लिए आईपीएल में अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने पुणे की खराब क्षेत्ररक्षण का जोरदार फायदा उठाते हुए खूब रन बटोरे। गंभीर ने 30 गेंदों में टूर्नामेंट में अपना एक और पचासा जमाया। बड़े स्कोर की ओर ले जाती इस जोड़ी को मुरली कार्तिक ने 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर गंभीर को कैच आउट कराकर तोड़ा। अगले ओवर में मैथ्यूज ने मैक्कुलम को एक बेहतरीन गेंद पर पगबाधा कर चलता किया। जल्दी-जल्दी मिली इस दोहरी सफलता से पुणे के गेंदबाजों ने कोलकाता पर दबाव बना लिया। कसी हुई गेंदबाजी करने वाले मैथ्यूज ने अपने अंतिम ओवर में अनुभवी जैक्स कालिस [1] को बोल्ड कर वापस भेज दिया। 12 ओवर में कोलकाता का स्कोर बिना किसी नुकसान के 111 रन था लेकिन बल्लेबाज अगले सात ओवर में महज 33 रन ही जोड़ सके और यूसुफ पठान [11] व लक्ष्मी रतन शुक्ला [0] का विकेट भी गंवा दिया।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।