वापस

डेक्कन को हराने में मुंबई ने बहाया पसीना

डेक्कन को हराने में मुंबई ने बहाया पसीना

मुंबई। लसिथ मलिंगा [4/18] की अगुवाई में खतरनाक गेंदबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल-पांच के 40वें मुकाबले में डेक्कन चार्जर्स को 11 गेंदें शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। हालांकि आसान लक्ष्य का पीछा करने में मुंबई को काफी पसीना बहाना पड़ा।

वानखेडे स्टेडियम में हुए मुकाबले में डेक्कन की पूरी टीम 18.4 ओवर में 100 रन पर आउट हो गई। डेक्कन के लिए शिखर धवन ने 29 और जेपी डुमिनी ने नाबाद 25 रनों का योगदान दिया। मुंबई के लिए मलिंगा के अलावा हरभजन और जेम्स फ्रेंकलिन ने दो-दो विकेट झटके। डेक्कन के अंतिम सात बल्लेबाज महज 41 रन ही जोड़ सके। जवाब में आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई को काफी मशक्कत करना पड़ा और 18.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 101 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर सके। मुंबई के लिए रोहित ने सर्वाधिक 42 रन [48 गेंद, 4 चौका व 1 छक्का] बनाए। डेक्कन की तरफ से डेल स्टेन ने दो विकेट चटकाए।

लगातार पांच मैच हारने के बाद चार्जर्स ने अपने पिछले मुकाबले में पुणे वारियर्स इंडिया टीम को उसी के घर में 18 रन से मात दी थी। लेकिन आज अपने जीत के सिलसिले को कायम नहीं रख सके। चार्जर्स ने अब तक नौ मैच खेले हैं जिनमें से उसे महज एक में जीत मिली है जबकि छह मैचों में से शिकस्त झेलनी पड़ी है। एक मुकाबला बारिश के कारण रद हो गया था। तीन अंक लेकर चार्जर्स नौ टीमों की तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। वहीं मुंबई ने नौ मैचों में से पांच में जीत जबकि चार मैचों में हार नसीब हुई है। 10 अंकों के साथ मुंबई अंक तालिका में सातवें स्थान से छलांग लगाते हुए तीसरे पायदान पर पहुंच गई है।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई को पहले ही गेंद पर डेल स्टेन ने रिचर्ड लेवी [0] का मिडिल स्टंप उड़ाकर झटका दे दिया। इसे बाद स्टेन और वीर प्रताप सिंह ने मुंबई के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा को शुरू में रन बनाने में काफी दिक्कत आई। वीर ने अपने तीसरे ओवर में तेंदुलकर को कैच आउट कराकर चलता किया। आज के मैच में महज 14 रन बनाने वाले तेंदुलकर इस टूर्नामेंट में अब तक बल्ले से फ्लाप रहे हैं। दूसरी तरफ रोहित का साथ देने आए दिनेश कार्तिक भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और स्टेन की बाहर जाती गेंद पर बल्ला लगाने के चक्कर में विकेटकीपर पार्थिव को कैच थमा बैठे। स्टेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 10 रन देकर दो विकेट चटकाए। दूसरी तरफ रोहित क्रीज पर जमे रहे और जेम्स फ्रेंकलिन के साथ टीम का लक्ष्य का पास ले जा रहे थे लेकिन 14वें ओवर में जेपी डुमिनी की गेंद पर खराब शाट खेल बैठे और रोहित [42] जग्गी को कैच थमाकर चलते बने। छोटे से लक्ष्य का पीछा कर रही मुंबई के बल्लेबाजों ने इस कदर धीमी बल्लेबाजी की कि टीम को 36 गेंदों में 26 रन बनाने थे। डेक्कन के गेंदबाजों ने मुंबई को आसानी से मैच जीतने नहीं दिया। आशीष रेड्डी ने 17वें ओवर में विस्फोटक बल्लेबाज फ्रेंकलिन [13 रन, 20 गेंद] को विकेटकीपर पार्थिव के हाथों कैच आउट कराकर टीम को पांचवीं सफलता दिलाई।

इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद डेक्कन चार्जर्स को सलामी बल्लेबाजों पार्थिव पटेल और शिखर धवन ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और 5.3 ओवर में 37 रन जोड़ लिए। लेकिन इसी ओवर में आरपी सिंह ने मुनफ पटेल के हाथों पार्थिव को कैच आउट करा दिया। पार्थिव ने 18 गेंदों में एक चौका व एक छक्के की मदद से 19 रन बनाए। कप्तान हरभजन ने इशांक जग्गी को मात्र दो रन के निजी स्कोर पर मुनफ के ही हाथों कैच आउट कराकर टीम को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद मुंबई के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों पर जोरदार अंकुश लगाते हुए लगातार विकेट झटके। लसिथ मलिंगा ने नौवें ओवर में कप्तान कैमरून व्हाइट [0] को आरपी सिंह के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। इसके बाद एक छोर पर टिके शिखर धवन को भी हरभजन ने कैच आउट कराकर उनकी पारी का समापन कर दिया। जेम्स फ्रेंकलिन ने 13वें ओवर में डैनियल क्रिस्टियन [5] व भरत चिपली [1] के विकेट उखाड़कर डेक्कन की हालत पूरी तरह से पतली कर दी। राबिन पीटरसन की गेंद पर पारी का दूसरा छक्का जमाने वाले आशीष रेड्डी [10] के रूप में टीम का सातवां विकेट गिरा। उन्हें मुनफ ने कैच आउट कराया। 17वें ओवर में मलिंगा ने अमित मिश्रा [1] को फ्रेंकलिन के हाथों कैच आउट कराकर डेक्कन का आठवां विकेट गिराया। हालांकि दूसरे छोर पर टिके जेपी डुमिनी [नाबाद 25] ने कुछ शाट लगाकर टीम का स्कोर सौ के पार पहुंचाया। मलिंगा ने 19वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर डेल स्टेन [3] और वीर प्रताप सिंह [0] को आउट किया।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।