मुंबई। शीर्ष चार टीमों में जगह बनाने की जंग अब तेज हो चुकी है और दर्शकों के लिए यह संडे किसी सुपरसंडे से कम नहीं होगा। क्योंकि इसदिन आईपीएल की दो बेहद ही मजबूत टीमें गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। पिछले दो साल के चैंपियन सुपरकिंग्स और पिछले साल के चैंपियन लीग विजेता मुंबई को टूर्नामेंट में अब तक मिश्रित सफलता मिली है, लेकिन दोनों टीमों ने अपने पिछले मैच जीते हैं।
दोनों टीमों के बीच हुए पहले मुकाबले में चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा था और अब धौनी के धुरंधर बदला लेने को बेताब होंगे। टीम इसके अलावा मुंबई इंडियंस के लगातार तीन जीत के अभियान पर भी रोक लगाना चाहेगी। आईपीएल में देखा जाए तो चेन्नई पर मुंबई का पलड़ा भारी है, जिसने इस टीम के खिलाफ अब तक पांच मैच जीते और चार गंवाए हैं। मैच में वानखेड़े स्टेडियम की पिच भी अहम भूमिका निभा सकती है जो मैच दर मैच बदल रही है। किसमें कितना है दम मुंबई इंडियंस:
मुंबई की मजबूती उसकी गेंदबाजी है। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने 5.50 रन प्रति ओवर से कम की औसत से 17 विकेट चटकाए हैं, जो उनकी क्षमता को दर्शाते हैं। मुनाफ अपनी गेंदों पर बल्लेबाजों को रन बनाने नहीं दे रहे हैं। लगातार फ्लाप हो रहे कप्तान हरभजन सिंह ने पुणे के खिलाफ धारदार गेंदबाजी करते हुए फार्म में वापसी कर ली है। अब वह चेन्नई के खिलाफ मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बल्लेबाजी में तेंदुलकर एंकर की भूमिका में हैं, लेकिन अन्य बल्लेबाज तेजी से रन बटोरने में नाकामयाब रहे हैं। रोहित शर्मा की खराब फार्म से भी टीम को नुकसान पहुंचा है। टीम को कीरोन पोलार्ड की कमी खल रही है, जो दिल्ली के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे।
अब तक: दस मैच खेले, छह जीते, चार हारे चेन्नई सुपर किंग्स:
कागज पर चेन्नई की बल्लेबाजी मजबूत दिखती है। उसकी ओर से दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फैफ डु प्लेसिस सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं, जिन्होंने 11 मैचों में 366 रन जोड़े हैं। लेकिन अन्य बल्लेबाजों को संघर्ष करना पड़ा है। मुरली विजय सबसे बड़े फ्लाप साबित हुए हैं। धौनी, रैना और जडेजा ने कभी-कभार योगदान दिया है, लेकिन टीम को उनसे और भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाज भी प्रभावी नहीं रहे। डग बोलिंगर [8 विकेट] टीम के सबसे सफल गेंदबाज है, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उन्हें मौका नहीं मिला है। आस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे से लौटने के बाद टीम में शामिल बेन हिल्फेनहास ने गेंदबाजी आक्रमण को थोड़ा मजबूत किया है।
अब तक: 11 मैच खेले, पांच जीते, पांच हारे, एक रद पता नहीं पिच कैसा बर्ताव करेगी : रोहित
मुंबई। मुंबई इंडियंस के कप्तान हरभजन सिंह ने पिछले मैच में वानखेड़े स्टेडियम की पिच की आलोचना की थी। शनिवार को बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा कि उनकी टीम हर तरह की परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार कर रही है, क्योंकि वे नहीं जानते कि चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आइपीएल मैच में पिच कैसा बर्ताव करेगी।
रोहित ने 29 अप्रैल को डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ हुए मैच का जिक्र करते हुए कहा, हम नहीं जानते कि विकेट कैसा होगा। पिछली बार जब हम यहां खेले थे तो यह उछाल भरा था और लग रहा था कि हम ऑस्ट्रेलिया में पर्थ की विकेट पर खेल रहे हैं। हम नहीं जानते कि रविवार को यह विकेट कैसा होगा। हम इंतजार करेंगे और देखेंगे कि यहां कैसा विकेट मिलता है। आपने देखा होगा कि मैच से पहले ट्रेनिंग सत्र में खिलाड़ी तैयारियां कर रहे हैं। स्पिनर, तेज गेंदबाज पसीना बहा रहे हैं। हम चाहते हैं कि सभी इस पिच के लिए तैयार रहें।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।