

जयपुर। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न आईपीएल 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शीर्ष विकेटधारी बन गए हैं। वहीं, श्रीलंका के विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या 300 रन पूरा करने के साथ-साथ टूर्नामेंट में सर्वाधिक छक्के उड़ाने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हो गए हैं।
वार्न ने शनिवार को बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ हुए मैच में चार ओवर में 23 रन पर तीन विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या 10 मैचों में 14 पहुंचा दी और आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। राजस्थान रॉयल्स ने यह मैच 65 रन से जीतकर अंक तालिका में अपना चोटी का स्थान बरकरार रखा। वार्न ने पंजाब किंग्स इलेवन के इरफान पठान और एस श्रीसंत तथा बेंगलूर टीम के जहीर खान को दूसरे स्थान पर पछाड़ दिया। इन तीनों के 13-13 विकेट हैं। रॉयल्स के ही आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शेन वाटसन 10 मैचों में 12 विकेट लेकर इस सूची में पांचवें नंबर हैं।
इससे पहले मुंबई इंडियंस के ओपनर जयसूर्या ने शुक्रवार को वानखेडे स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ नाबाद 48 रन की विजयी पारी खेलकर दोनों उपलब्धि एक साथ हासिल कर ली। जयसूर्या के इस पारी के बाद अब नौ मैचों से 300 रन हो गए हैं और वह आईपीएल में यह उपलब्धि पाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए। उनसे आगे डक्कन चार्जर्स हैदराबाद के एडम गिलक्रिस्ट [10 मैच, 322 रन], डक्कन के ही रोहित शर्मा [10 मैच, 331 रन], चेन्नई सुपर किंग्स के महेन्द्र सिंह धोनी [10 मैच 332 रन] और दिल्ली डेयरडेविल्स के गौतम गंभीर [10 मैच 425 रन] हैं।
जयसूर्या ने मात्र 17 गेंदों पर अपनी नाबाद 48 रन की पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। इसके साथ ही टूर्नामेंट में अपने छक्कों की संख्या 18 तक पहुंचाने के साथ ही कोलकाता नाइटराइडर्स के डेविड हसी [10 मैच, 17 छक्के] को दूसरे स्थान पर छोड़ दिया। जयसूर्या अपने पिछले दो मैचों में 14 छक्के उड़ा चुके हैं। डक्कन चार्जर्स के गिलक्रिस्ट 10 मैचों में 16 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं जबकि नाइटराइडर्स के ब्रैडन मैकुलम [चार मैच, 15 छक्के] और डक्कन चार्जर्स के रोहित शर्मा [10 मैच, 15 छक्के] संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।