Jagran Yahoo! IndiaYahoo! India
राजस्थान ने दर्ज की शाही जीत

जयपुर। कप्तान शेन वार्न की राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के ट्वेंटी 20 मुकाबले में सवाई मानसिंह स्टेडियम में बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स को 65 रन की करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इस हार से मशूहर शराब व्यवसायी विजय माल्या की टीम का लीग में खराब दौर जारी है। जीत के लिए 198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम कप्तान राहुल द्रविड़ की 75 रन नाबाद पारी की मदद से सिर्फ 132 रन ही बना सकी। इस जीत से वार्न की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। टूर्नामेंट में अपनी आठवीं जीत दर्ज कर वह तालिका में 16 अंक के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। द्रविड़ ने हार की लय को तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने यूसुफ पठान के 17वें ओवर में तीन छक्के जड़े लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बेंगलूर की बल्लेबाजों ने एक बार फिर टीम को निराश किया। पूर्व भारतीय कप्तान ने अपनी नाबाद पारी में छह चौके और इतने ही छक्के जड़े।

बेंगलूर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज जगदीश अरुण कुमार मैच के पहले ओवर में सोहेल तनवीर की तीसरी गेंद पर शून्य पर आउट हो गए। पाकिस्तान के मिस्बाह उल हक अगले ओवर की दूसरी गेंद पर शून्य पर पवेलियन लौट गए जिससे टीम का स्कोर दो रन पर दो विकेट था। इस समय साझेदारी बनाना काफी अहम था लेकिन तनवीर एक बार फिर बेंगलूर टीम के लिए मुसीबत साबित हुए और उन्होंने विराट कोहली को तीन रन के स्कोर पर चलता किया। अब टीम ने पांच रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। कप्तान द्रविड़ और कैमरून व्हाइट क्रीज पर डटे हुए थे लेकिन मुनफ पटले ने अपने स्पेल की अंतिम गेंद पर व्हाइट [10] के रूप में दूसरा विकेट हासिल किया। उन्होंने 21 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसके बाद सिद्घार्थ ने जैक्स कालिस को 20 रन पर आउट किया।

वार्न ने भी अपने जौहर दिखाते हुए अपने चार ओवर के स्पेल में 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में लगातार गेंदों पर दो और फिर अपनी ही गेंद पर जहीर खान [1] का कैच लपका। इससे पहले मेजबान टीम ने अपने शीर्ष क्रम की शानदार बल्लेबाजी के दम पर सिर्फ एक विकेट गंवा कर 197 रन का स्कोर खड़ा किया। ग्रीम स्मिथ की नाबाद 75 रन और स्वप्निल असनोडकर की 50 रन की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

बल्लेबाजी का न्यौता दिए जाने के बाद सलामी बल्लेबाज स्मिथ और असनोडकर ने पहले विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी की बाद शेन वाटसन ने भी 46 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाज जहीर खान और प्रवीण कुमार की बेहतरीन गेंदबाजी का सामना किया लेकिन वे इनका ध्यान भंग करने में असफल रहे। इन दोनों ने गेंदबाजो की बखिया उखेड़ते हुए काफी रन बटोरे। राजस्थान रॉयल्स ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 94 रन बनाए।

अनुभवी स्पिनर अनिल कुंबले ने यह साझेदारी तोड़ी और असनोडकर को पवेलियन भेजा। असनोडकर ने 42 गेंद में 50 रन बनाउ। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके जमाए और एक बार गगनचुंबी छक्का जड़ा। स्मिथ ने 49 गेंद का सामना करते हुए 75 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के इस कप्तान ने बाद में आस्ट्रेलियाई शेन वाटसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 88 रन की नाबाद साझेदारी भी निभाई। वाटसन ने छह चौकों की मदद से महज 28 गेंद में 46 रन जड़े।

स्कोर बोर्ड

राजस्थान रॉयल्स 20 ओवर में एक विकेट पर 197 रन

स्मिथ नाबाद 75

असनोडकर का मिस्बाह बो कुंबले 50

वाटसन नाबाद 46

अतिरिक्त: 26

विकेट पतन: 1-109।

गेंदबाजी

जहीर 4-0-46-0

प्रवीण 4-0-28-0

कालिस 4-0-39-0

रज्जाक 2-0-29-0

कुंबले 4-0-32-1

कोहली 2-0-16-0

बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स 20 ओवर में नौ विकेट पर 132 रन

अरुणकुमार का त्रिवेदी बो तनवीर 0

कोहली का तनवीर 3

मिसबाह का कोहली [स्था] बो मुनफ 0

कालिस का पठान बो त्रिवेदी 20

व्हाइट का त्रिवेदी बो मुनफ 10

द्रविड़ नाबाद 71

पाटिल का जडेजा बो वार्न 9

प्रवीण का कैफ बो वार्न 0

जहीर का एंड बो वार्न 1

कुंबले का रावत बो तनवीर 8

रज्जाक नाबाद 0

अतिरिक्त: 6

विकेट पतन: 1-0, 2-2, 3-5, 4-31, 5-40, 6-73, 7-73, 8-83, 9-118।

गेंदबाजी

तनवीर 4-0-10-3

मुनफ 4-0-21-2

वाटसन 2-0-6-0

वार्न 4-0-23-3

त्रिवेदी 2-0-23-1

पठान 2-0-28-0

जडेजा 2-0-21-0



अन्य