

नई दिल्ली। दिल्ली डेयरडेविल्स और पंजाब किंग्स इलेवन के बीच शनिवार वर्षा की आंख मिचौली के बीच नाटकीय उतार-चढ़ाव की रात थी। पंजाब ने वर्षा की बौछारों से लगातार प्रभावित रहा यह आअीपीएल मैच डकवर्थ लुईस नियम के तहत छह रन से जीत लिया।
वर्षा के कारण दो घंटे की बाधा पड़ने से मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया। कप्तान वीरेंद्र सहवाग [नाबाद 51] के अर्धशतक से दिल्ली डेयरडेविल्स ने 11 ओवर में चार विकेट पर 118 रन का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली ने चार विकेट पर 118 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुईस के तहत पंजाब को 123 रन का संशोधित लक्ष्य दिया गया। पंजाब ने आठ ओवर में तीन विकेट पर 94 रन बनाए थे तभी फिर वर्षा ने आकर खेल खत्म कर दिया उस समय पंजाब टीम आठ ओवर में 88 रन के लक्ष्य से छह रन ज्यादा बना चुकी थी और उसे विजेता घोषित कर दिया गया। पंजाब के लिए नाबाद 36 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाले महेला जयवर्धने को मैन आफ द मैच चुना गया।
इससे पहले दिल्ली की पारी में 8.1 ओवर के बाद वर्षा से बाधा पड़ी जिससे खेल बाधित रहा। बारिश जब रुकी थी तब दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 94 रन था। खेल रात 11 बजे जाकर शुरू हुआ और मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया। दिल्ली ने 11 ओवर में चार विकेट पर 118 रन बनाए। सहवाग ने 26 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। गौतम गंभीर ने 28 गेंदों में सात चौकों की मदद से 40 रन बनाए।
दिल्ली के कप्तान सहवाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि मैच वर्षा के कारण 20 मिनट देरी से शुरू हुआ था। सहवाग और गंभीर ने शुरुआत से ही ताबड़तोड़ खेलने की रणनीति अख्तियार कर ली। गंभीर जहां एक छोर से गेंद को सीमा रेखा का रास्ता दिखा रहे थे वहीं दूसरे छोर पर सहवाग गेंद को हवा के रास्ते सीमा रेखा के पार पहुंचा रहे थे। दिल्ली के 50 रन 5.2 ओवर में पूरे हो गए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले छह ओवर में खिलाडि़यों के दायरे में रहने का फायदा उठाते हुए 68 रन जोड़ डाले। अगले ओवर में गंभीर आफ स्पिनर रमेश पोवार की गेंद को लेग साइड में मोड़ने से चूक गए और बोल्ड हो गए। दिल्ली का पहला विकेट 75 का स्कोर पर गिरा। गंभीर ने 28 गेंदों पर 40 रन की अपनी शानदार पारी में सात चौके लगाए। गंभीर टूर्नामेंट में अब 11 मैचों में अपनी रन संख्या 465 रन पहुंचा चुके थे।
सहवाग ने पीयूष चावला के पहले ओवर में उनका स्वागत चौका और छक्का मारकर किया। अगले ओवर में उन्होंने पोवार की पहली गेंद पर मिड विकेट के ऊपर से छक्का मार दिया लेकिन इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई और विकेट पर कवर लगा दिए गए। खेल रुकने के समय दिल्ली का स्कोर 8.1 ओवर में एक विकेट पर 94 रन था। सहवाग उस समय 47 रन पर नाबाद थे। लगातार वर्षा के कारण डेढ़ घंटे तक खेल रुका रहा। ग्राउंड्समैन के अथक प्रयासों के बाद साढे़ दस बजे कवर हटाए गए। दस बजकर चालीस मिनट पर घोषणा की गई कि मैच 13-13 ओवर का होगा लेकिन फिर वर्षा आने से वापस कवर विकेट पर लगा दिए गए। वर्षा रुकने और कवर हटने के बाद मैच के 11-11 ओवर का होने की घोषणा हुई।
स्कोर बोर्ड
दिल्ली डेयरडेविल्स 11 ओवर में चार विकेट पर 118 रन
गंभीर बो पोवार 40
सहवाग नाबाद 51
धवन का चावला बो पोवार 8
दिलशान का पामर्सबाच बो होप्स 8
महरूफ का पोवार बो होप्स 0
मलिक नाबाद 1
अतिरिक्त: 10
विकेट पतन: 1-75, 2-104, 3-115, 4-116।
गेंदबाजी
श्रीसंथ 3-0-33-0
पठान 2-0-13-0
वीआरवी 2-0-33-0
पोवार 2-0-22-2
चावला 1-0-13-0
होप्स 1-0-2-2
किंग्स इलेवन पंजाब 8 ओवर में तीन विकेट पर 94 रन
मार्श का धवन बो सांगवान 2
होप्स का मलिक बो मिश्रा 4
युवराज का महरूफ बो मैक्ग्रा 23
जयवर्धने नाबाद 36
पोमर्शबाच नाबाद 25
अतिरिक्त: 4 रन
विकेट पतन: 1-3, 2-30, 3-31।
गेंदबाजी
मैक्ग्रा 2-0-18-1
सांगवान 1-0-12-1
मिश्रा 2-0-21-1
सहवाग 1-0-22-0
महरूफ 1-0-11-0
भाटिया 1-0-8-0