वापस

हार की हैट्रिक से बचना चाहेंगे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर

हार की हैट्रिक से बचना चाहेंगे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर

बेंगलूर। पिछले दो मैचों में हार झेलने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर का सामना रविवार को आईपीएल में सबसे निचले पायदान पर खड़ी डेक्कन चार्जर्स से होगा। इस मुकाबले में चैलेंजर्स की कोशिश लगातार तीन हार से बचने की होगी। वहीं डेक्कन चार्जर्स भी जीत हासिल करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी।

चैलेंजर्स को अपने पिछले दो मुकाबले किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों गंवाने पड़े हैं। वहीं, अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ दो जीत दर्ज करने वाली चार्जर्स को पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मात दी थी। चार्जर्स जैसी फिसड्डी टीम के खिलाफ चैलेंजर्स के लिए यहां जीत की पटरी पर लौटने का बेहतरीन मौका है। चैलेंजर्स अंक तालिका में दस मैचों में नौ अंकों के साथ सातवें पायदान पर है, वहीं डेक्कन इतने ही मैचों में पांच अंक लेकर नौवें नंबर पर है।

किसमें कितना है दम

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर

विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, अब्राहम डिविलियर्स और विराट कोहली जैसे बेहतरीन बल्लेबाज टीम में मौजूद हैं, जबकि जहीर खान, विनय कुमार और एंड्रयू मैक्डोनाल्ड तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे। कप्तान डेनियल विटोरी और केपी अपन्ना स्पिन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस मुकाबले में सबकी निगाहें गेल पर होंगी, जो आईपीएल में अपने 100 छक्कों से एक कदम दूर हैं। गेल ने पांचों संस्करणों में अब तक 99 छक्के लगाए हैं।

अब तक: दस मैचों में से चार जीते, पांच हारे, एक रद

डेक्कन चार्जर्स

चार्जर्स के लिए इस संस्करण में अब ज्यादा कुछ नहीं रह गया है और वह अपनी साख बचाने के लिए खेलेगी। इस टीम में कप्तान कुमार संगकारा, कैमरून व्हाइट और हरफनमौला डेनियल क्रिस्टियन जैसे कुछ विश्व स्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं, जो अपनी बल्लेबाजी के दम पर मैच का नक्शा बदलने की कुव्वत रखते हैं। विश्व के सबसे अच्छे तेज गेंदबाजों में शुमार डेल स्टेन टीम के पास हैं जो अपनी घातक गेंदबाजी से विश्व के किसी भी मजबूत बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर सकने में सक्षम हैं। वीर प्रताप सिंह और लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने पिछले मुकाबले में अच्छी गेंदबाजी की थी।

अब तक : दस मैचों में से दो जीते, सात हारे, एक रद

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।