वापस

गंभीर को टीस कि हमें नहीं मिलेगा ऐसा समर्थन

गंभीर को टीस कि हमें नहीं मिलेगा ऐसा समर्थन

कोलकाता। कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर ने शनिवार को कहा कि सौरव गांगुली को अपने शहर के समर्थकों से ईडेन गार्डस में काफी समर्थन मिला लेकिन जब उनकी टीम दिल्ली में सात मई को पुणे वारियर्स के खिलाफ अगला मैच खेलेगी तो उन्हें ऐसा समर्थन नहीं मिलेगा। वहीं कोलकाता के मालिक शाहरुख खान मैच के बाद गांगुली से मुलाकात की।

हालांकि गांगुली की टीम पुणे वारियर्स को केकेआर के खिलाफ रोमांचक मैच में सात रन से शिकस्त मिली और यह उनकी टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं हार थी। दोनों टीमों को मैदान में काफी समर्थन मिल रहा था लेकिन दर्शकों में से ज्यादातर पुणे का समर्थन कर रहे थे जिसके कप्तान गांगुली थे। गंभीर ने कहा, सौरव गांगुली क्रिकेट के महान खिलाड़ी हैं। उन्होंने भारत और बंगाल के लिए जितना भी कुछ किया, वह शानदार है। हम पहले ही जानते थे कि यह मैच हमारे लिए हमारी सरजमीं के बजाय उनकी सरजमीं जैसा ही होगा।

मैच के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स के मालिक शाहरूख खान बीती बातों को भुलाते हुए आज यहां सौरव गांगुली के पास पहुंचे और अपनी टीम के पूर्व कप्तान से गले मिले। पुणे वारियर्स के आईपीएल मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स से सात रन से हारने के बाद शाहरूख अपनी बेटी के साथ ड्रेसिंग रूम के करीब गांगुली से बात करते देखे गए। पुणे वारियर्स के विकेटकीपिंग कोच दीप दासगुप्ता ने कहा, हां, वह ड्रेसिंग रूम के सामने लाबी में आए थे। उन्होंने एक-दूसरे से बात की।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।