केविन पीटरसन का कॉलम
भारतीय क्रिकेट खुशकिस्मत है कि उसके पास उमेश यादव और वरुण एरोन जैसे दो प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं। दोनों में कुछ खास है और मुझे उम्मीद है दोनों ही तेज गेंदबाज भारतीय टीम की लंबी समय तक सेवा करेंगे। उमेश ने राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में साबित किया कि उनमें एक बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज की सारी खूबियां हैं। यदि वरुण फिट होते तो वीरू के पास 145-150 की गति के साथ गेंदबाजी करने वाले तीन गेंदबाज (मोर्केल, यादव, वरुण) होते। पिछले मैच में मोर्नी मोर्केल ने भी 19वें ओवर में अपना स्तर दिखाया। वह कमाल का ओवर था।
टूर्नामेंट में पहली बार एक टीम के रूप में हमारी परीक्षा हुई, जिसमें हम खरे उतरे। राजस्थान के खिलाफ मिली जीत में टीम के एक-एक खिलाड़ी ने योगदान दिया। जीत अब हमारी आदत बन चुकी है। हमने अब तक नौ में से सात मैच जीते हैं, जो वाकई शानदार है। इस सत्र का दिल्ली में यह मेरा आखिरी मैच था। हमारी टीम को घरेलू दर्शकों का जो समर्थन मिला वह लाजवाब है। पूरे मैच के दौरान स्टेडियम गूंजता ही रहता है। इस शोर में साथी खिलाड़ी की बातों को सुन पाना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन फिर भी मुझे इस शोर से प्यार है। जब से मैं यहां आया हूं हम सात में से छह मैच जीते। टीम खुश है, मैनेजमेंट खुश है, मालिक खुश हैं। आज मैं राजस्थान के खिलाफ इस सत्र का अपना आखिरी मैच खेलूंगा और उम्मीद करूंगा की मेरी पारी टीम के काम आ जाए।
जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।