वापस

जिंबाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका को चौंकाया

जिंबाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका को चौंकाया

हरारे। शीर्ष क्रम केबल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन और कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत जिंबाब्वे ने त्रिकोणीय ट्वंटी-20 क्रिकेट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मजबूत टीम को 29 रन से हराकर उलटफेर कर दिया। सीरीज की तीसरी टीम बांग्लादेश है।

जिंबाब्वे ने पहले खेलते हुए चार विकेट पर 176 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 19.2 ओवर में 147 रन पर आउट कर दिया। जिंबाब्वे की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में बांग्लादेश को 11 रन से हराया था। वुसी सिबांडा [50 गेंद पर 58 रन] और हैमिल्टन मासकाद्जा [39 गेंद पर 55 रन] ने पहले विकेट के लिए 114 रन जोड़कर जिंबाब्वे को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान ब्रैंडन टेलर ने 21 गेंद पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन की तूफानी पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज फिर से नहीं चल पाए। वेन पर्नेल ने तीन विकेट लिए, लेकिन उन्होंने तीन ओवर में 33 रन भी लुटाए।

बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में जीत के नायक रहे कप्तान हाशिम अमला का विकेट जल्दी गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका संभल नहीं पाया। उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। कॉलिन इंग्राम ने 39 गेंद पर 48 और रिचर्ड लेवी ने 28 गेंद पर 40 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज नहीं चल पाया। जिंबाब्वे की तरफ से क्रिस मोफू ने 20 रन और ग्रेम क्रेमर ने 29 रन देकर तीन-तीन, जबकि रिचर्ड मुझांगे ने 28 रन देकर दो विकेट लिए।

जानिए क्रिकेट मैचों का ताजा स्कोर अपने मोबाइल से, मेसेज बॉक्स में जाकर टाइप कीजिए icri और भेज दीजिए 57272 पर।